Jodhpur House Collapse: जोधपुर में हुई दर्दनाक घटना ने शहर को झकझोर दिया। राजस्थान के जोधपुर में लगातार हो रही बारिश के बीच सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के इश्किया स्कूल इलाके में रविवार तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच एक दो मंजिला मकान की छत की स्लैब अचानक भरभराकर गिर गई।

हादसे में मलबे में दबने से 8 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद नगर निगम ने असुरक्षित भवन को सील कर दिया।
दूसरी मंजिल पर सो रहा था परिवार
यह हादसा घनी आबादी वाले नागौरी सिलावटों का बास इलाके में हुआ। सदर कोतवाली थाना प्रभारी माणकराम बिश्नोई के अनुसार, मोहम्मद इरफान का परिवार दो मंजिला मकान की दूसरी मंजिल पर सो रहा था। इसी दौरान छत की चार से पांच स्लैब अचानक गिर गईं, जिससे पूरा परिवार मलबे में दब गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को मलबे से बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
जर्जर मकान और बारिश बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मकान पहले से ही जर्जर हालत में था। लगातार बारिश के कारण उसकी स्थिति और कमजोर हो गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
बच्ची की मौत, चार लोगों का इलाज जारी
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने 8 वर्षीय अलसीफा को मृत घोषित कर दिया। हादसे में मोहम्मद इरफान, उनकी पत्नी और दो वर्षीय बेटी समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी का महात्मा गांधी अस्पताल में इलाज जारी है।
नगर निगम ने शुरू किया जर्जर भवनों का सर्वे
हादसे के बाद नगर निगम ने क्षतिग्रस्त मकान को सील कर दिया है। पुलिस के अनुसार, उसी गली में स्थित एक अन्य जर्जर मकान को भी एहतियातन सील किया गया है। नगर निगम की अधिकारी अर्चना व्यास ने बताया कि क्षेत्र में जर्जर भवनों की पहचान के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले भी इसी इलाके में एक अन्य जर्जर मकान को नोटिस देने के बाद सील किया गया था।
पढ़ें ये खबरें
- जीवन सूक्त : प्रतिशोध की ज्वाला में कैसा उजाला? – संदीप अखिल
- 30 September 2026 Rashifal : आश्विन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि आज, जानिए अपना राशिफल
- Bihar Morning News : कैबिनेट की बैठक, कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस, जेडीयू के मंत्री करेंगे जन सुनवाई
- 30 सितंबर महाकाल भस्म आरती: बाबा महाकालेश्वर का गणेश रूपी श्रृंगार, यहां कीजिए दर्शन
- Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 30 September: श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन

