Jodhpur Mayor Election: जोधपुर नगर निगम महापौर चुनाव से पहले शहर में सियासी हलचल तेज हो गई है। 100 वार्ड वाले निगम में भाजपा को 45 और कांग्रेस को 44 सीटें मिली हैं। स्पष्ट बहुमत के लिए 51 पार्षदों का समर्थन जरूरी है। ऐसे में महापौर की कुर्सी तक पहुंचने के लिए दोनों दलों ने निर्दलीयों का साथ लिया है। भाजपा ने 7 निर्दलीय पार्षदों का समर्थन हासिल कर अपना संख्याबल 52 तक पहुंचाने का दावा किया है। कांग्रेस के साथ 4 निर्दलीय पार्षद हैं और उसका समर्थित संख्याबल 48 है। महापौर पद के लिए 25 सितंबर को मतदान होगा, जबकि उप महापौर का चुनाव 26 सितंबर को होगा।

निर्दलीयों के सहारे बहुमत का गणित
जोधपुर नगर निगम में भाजपा और कांग्रेस दोनों अपने दम पर बहुमत के आंकड़े से दूर हैं। चुनाव में भाजपा के 45, कांग्रेस के 44, 10 निर्दलीय और एक आरएलपी पार्षद निर्वाचित हुए हैं। बहुमत के लिए 51 वोट चाहिए। भाजपा ने सात निर्दलीय पार्षदों को अपने खेमे में शामिल किया है। इससे उसका समर्थित आंकड़ा 52 हो गया है। कांग्रेस ने चार निर्दलीयों का समर्थन हासिल किया है और उसका संख्याबल 48 तक पहुंचा है। अब महापौर चुनाव में इन समर्थनों की भूमिका अहम रहेगी।
दोनों दलों की बाड़ेबंदी, क्रॉस वोटिंग पर नजर
क्रॉस वोटिंग की आशंका के बीच भाजपा और कांग्रेस ने अपने पार्षदों को बाड़ेबंदी में रखा है। भाजपा ने 11 सितंबर की रात से ही अपने पार्षदों को बालोतरा-नाकोड़ा के पास एक रिसॉर्ट में भेज दिया था। बाद में सात निर्दलीय पार्षद भी इसी खेमे में शामिल हो गए। कांग्रेस ने 13 सितंबर की रात अपने पार्षदों और चार समर्थित निर्दलीयों को पुष्कर के रिसॉर्ट में शिफ्ट किया। मतदान से पहले दोनों दल अपने-अपने पार्षदों को एकजुट रखने में जुटे हैं।
भाजपा ने कराई बैलेट पेपर की प्रैक्टिस
महापौर चुनाव से पहले भाजपा खेमे में पार्षदों को मतदान की प्रक्रिया का प्रैक्टिकल अभ्यास कराया गया। पार्षदों को बैलेट पेपर देकर प्रत्याशी के नाम के आगे सही तरीके से मोहर लगाने और मतदान के बाद बैलेट को फोल्ड कर मतपेटी में डालने की प्रक्रिया समझाई गई। डेमो सेशन में वास्तविक चुनाव जैसा माहौल बनाया गया। भाजपा के 45 पार्षदों के साथ पार्टी को समर्थन दे रहे सात निर्दलीय भी इसमें शामिल रहे। पार्टी की कोशिश है कि मतदान के दौरान किसी तकनीकी गलती के कारण वोट खारिज न हो। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ भी कैंप में पहुंचे और पार्षदों से एकजुट रहकर बोर्ड गठन में भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कांग्रेस कैंप में अशोक गहलोत की वन-टू-वन मुलाकात
कांग्रेस के खेमे में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार रात पुष्कर के होटल में पार्षदों से मुलाकात की। उन्होंने एक-एक पार्षद से बातचीत की और महापौर चुनाव में राजेंद्र सिंह सोलंकी को समर्थन देने की अपील की। गहलोत ने पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में विकास कार्य कराने और बुजुर्गों की पेंशन का ध्यान रखने की बात कही। उन्होंने कांग्रेस का बोर्ड बनने पर सभी पार्षदों को जयपुर स्थित आवास पर बुलाकर साथ भोजन करने की बात भी कही। इस दौरान महापौर प्रत्याशी राजेंद्र सिंह सोलंकी, करणसिंह उचियारड़ा, पूर्व विधायक मनीषा पंवार, धर्मेंद्र राठौड़, सुपारस भंडारी, कुश गहलोत और शहजाद सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
भाजपा से प्रसन्नचंद मेहता, कांग्रेस से राजेंद्र सिंह सोलंकी
महापौर पद के लिए भाजपा ने प्रसन्नचंद मेहता को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस की ओर से राजेंद्र सिंह सोलंकी मैदान में हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार महापौर पद के लिए इन दोनों के अलावा कोई अन्य प्रत्याशी मैदान में नहीं है। जोधपुर नगर निगम के 100 वार्डों के लिए 11 सितंबर को मतदान हुआ था। 14 सितंबर को मतगणना हुई। वार्ड 50 में पुनर्मतदान के बाद भाजपा के हेमाराम चौधरी की जीत से भाजपा का आंकड़ा 45 तक पहुंचा। इसके बाद भाजपा ने सात निर्दलीयों के समर्थन का दावा किया।
25 सितंबर को होगा फैसला
महापौर पद के लिए 25 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नगर निगम कार्यालय परिसर की तीसरी मंजिल स्थित कमरा नंबर 307 में मतदान होगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी। इसके अगले दिन यानी 26 सितंबर को उप महापौर पद के लिए चुनाव होगा। जोधपुर में महापौर चुनाव का अंतिम परिणाम मतदान के बाद ही स्पष्ट होगा।
पढ़ें ये खबरें
- लखनऊ: कमरे में बिस्तर पर संदिग्ध हालत में मिला UPSC छात्र का शव, मची सनसनी
- ज्योतिरादित्य सिंधिया का अनोखा अंदाज: बैलगाड़ी में की सवारी, बॉलीवुड गानों पर जमकर थिरके, युवाओं से कहा- शरीर का कतरा-कतरा आपके लिए न्योछावर
- Lakhimpur Kheri News: बुजुर्ग किसान की हत्या के बाद कोहराम, शव उठाने गई पुलिस को ग्रामीणों ने खदेड़ा
- रीवा में तहसील भवन के लोकार्पण पर भाजपा नेताओं में तीखी तकरार, शिलापट्टिका पर नाम नहीं होने से MLA पर भड़के पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी
- मोतिहारी में कचहरी चौक पर वर्दी पहन जमा रहा था रौब, रंगे हाथों धरा गया फर्जी पुलिसकर्मी
