Jodhpur Mayor Election: नगर निगम जोधपुर के महापौर चुनाव में कांग्रेस के हाइब्रिड उम्मीदवार राजेन्द्र सिंह सोलंकी को लेकर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि उनका उम्मीदवार बनाया जाना नियम-कायदों के दायरे में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए शायद इसी उद्देश्य से नियमों में संशोधन किया होगा। शेखावत के मुताबिक, शहर के मतदाता पहले ही अपना मानस व्यक्त कर चुके हैं और नगर निगम बोर्ड के लिए चुने गए सदस्य भी अपना रुख स्पष्ट कर चुके हैं। ऐसे में चुनाव को लेकर जनता और निर्वाचित प्रतिनिधियों की भावना को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

महापौर पद के लिए प्रसन्नचन्द मेहता और राजेन्द्र सिंह सोलंकी आमने-सामने
जोधपुर नगर निगम में महापौर पद के लिए भाजपा के प्रसन्नचन्द मेहता और कांग्रेस के राजेन्द्र सिंह सोलंकी के बीच सीधा मुकाबला है। दोनों प्रत्याशियों ने शनिवार को निगम कार्यालय परिसर में नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस के राजेन्द्र सिंह सोलंकी हाइब्रिड प्रत्याशी हैं। चुनाव जीतने की स्थिति में उन्हें छह महीने के भीतर पार्षद का चुनाव जीतना होगा।
शेखावत ने कांग्रेस पर साधा निशाना
हाइब्रिड प्रत्याशी को लेकर सवाल पर शेखावत ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले रात में थाना रातानाडा जाकर एक हाईवोल्टेज राजनीतिक ड्रामा खड़ा करने का प्रयास किया गया, लेकिन सुबह होते-होते वह पटाखा फुस्स हो गया। शेखावत ने कहा कि राजनीतिक माहौल को अनावश्यक रूप से गरमाने और झूठ-अफवाहों के जरिए भ्रम पैदा करने की कोशिशें जनता के सामने ज्यादा देर तक टिक नहीं सकतीं।
राहुल गांधी पर भी शेखावत का हमला
केंद्रीय मंत्री ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केवल किसी का उपनाम धारण कर लेने से उससे जुड़ी विरासत, परिपक्वता और जिम्मेदार आचरण हासिल नहीं किया जा सकता।
शेखावत ने राहुल गांधी के प्रधानमंत्री को लेकर सार्वजनिक मंच पर दिए गए बयानों और व्यवहार को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए आलोचना की। उन्होंने कहा कि उपनाम किसी से लिया जा सकता है, लेकिन उससे जुड़ी विरासत, परिपक्वता और जिम्मेदारीपूर्ण आचरण हासिल नहीं किया जा सकता।
क्रॉस वोटिंग के दावों पर मदन राठौड़ का बयान
जयपुर में क्रॉस वोटिंग के दावों को लेकर राजस्थान भाजपा अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले भाजपा पर वोट मैनेज करने के आरोप लगाती थी और अब खुद क्रॉस वोटिंग की बात कर रही है। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस को अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए कि वह क्या कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस क्रॉस वोटिंग कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही कहा कि इससे चुनाव के नतीजे पर असर नहीं पड़ेगा।


