Zolani Tete Shot Dead: दक्षिण अफ्रीका के पूर्व विश्व चैंपियन बॉक्सर जोलानी टेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 38 वर्षीय टेटे को शुक्रवार को ईस्टर्न केप के मडांत्साने में उनके घर के बाहर निशाना बनाया गया। वह अपनी कार में बैठे थे और घर का गेट खुलने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान नकाब पहने दो हथियारबंद हमलावरों ने उनकी कार पर कई गोलियां चला दीं।
हमले में टेटे के साथ कार में मौजूद 27 वर्षीय महिला भी घायल हुई है। उसे कई गोलियां लगी हैं और गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
खेल मंत्री ने दी हत्या की जानकारी
दक्षिण अफ्रीका के खेल मंत्री गयटन मैकेंजी ने जोलानी टेटे की मौत की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक घटना ईस्टर्न केप के मडांत्साने में हुई। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि हमलावरों ने टेटे को उस वक्त निशाना बनाया, जब वह घर पहुंचकर गेट खुलने का इंतजार कर रहे थे। पुलिस हमले के कारणों और आरोपियों की पहचान का पता लगाने में जुटी है।
11 सेकेंड में नॉकआउट कर बनाया था वर्ल्ड रिकॉर्ड

जोलानी टेटे को बॉक्सिंग की दुनिया में ‘लास्ट बॉर्न’ के नाम से जाना जाता था। उनके नाम वर्ल्ड टाइटल फाइट में सबसे तेज नॉकआउट का रिकॉर्ड दर्ज है।
2017 में टेटे ने दक्षिण अफ्रीका के सिबोनिसो गोन्या को महज 11 सेकेंड में नॉकआउट कर दिया था। इस जीत के साथ उन्होंने वर्ल्ड टाइटल फाइट में सबसे तेज नॉकआउट का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था।
दो अलग-अलग वेट कैटेगरी में बने वर्ल्ड चैंपियन
टेटे का बॉक्सिंग करियर काफी शानदार रहा। उन्होंने दो अलग-अलग वेट कैटेगरी में विश्व खिताब जीते थे।
2007 और 2008: WBF फ्लाईवेट वर्ल्ड टाइटल
2017 और 2019: WBO बैंथमवेट वर्ल्ड टाइटल
उन्होंने अपने करियर में कई बड़े मुकाबले जीते और दक्षिण अफ्रीका के प्रमुख बॉक्सरों में अपनी जगह बनाई।
29 जुलाई को खत्म हुआ था 4 साल का बैन

टेटे ने अपना आखिरी मुकाबला जुलाई 2022 में लंदन के वेम्बली एरिना में ब्रिटेन के जेसन कनिंघम के खिलाफ खेला था। उन्होंने इस मुकाबले में नॉकआउट से जीत दर्ज की थी। इसके बाद डोपिंग टेस्ट में उनके सैंपल में एनाबॉलिक स्टेरॉयड स्टैनोजोलोल पाया गया। इसके बाद यूके एंटी-डोपिंग एजेंसी ने उन पर चार साल का प्रतिबंध लगा दिया था।
टेटे का चार साल का प्रतिबंध 29 जुलाई 2026 को खत्म हुआ था। बैन खत्म होने के बाद वह दोबारा बॉक्सिंग रिंग में उतरने की तैयारी कर रहे थे।
उनके मैनेजर मिला तेंगिमफेने ने बताया था कि टेटे वापसी के मुकाबले के लिए ट्रेनिंग कर रहे थे। टेटे ने जनवरी में भी रिंग में वापसी की इच्छा जताई थी। उन्होंने कहा था कि उनका प्लान अभी पूरा नहीं हुआ है और वह वापसी के मुकाबले का इंतजार कर रहे हैं।
लेकिन रिंग में वापसी से पहले ही उनकी हत्या कर दी गई। उनकी मौत से बॉक्सिंग जगत में शोक की लहर है। पुलिस अब हमलावरों की तलाश कर रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

