जॉर्डन के करक प्रांत में ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च पर हुए हमले की भारत ने कड़ी निंदा की है। 23 अक्टूबर 2026 को हुए इस हमले में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। भारत ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई जारी रखने का संकल्प दोहराया है।
Jordan Church Attack: भारत ने जॉर्डन के साथ जताई एकजुटता
भारतीय विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि भारत इस कायरतापूर्ण हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता है। मंत्रालय ने कहा कि इस कठिन समय में भारत जॉर्डन की सरकार और वहां के लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है।
अंतिम संस्कार के दौरान चर्च में गोलीबारी
समाचार एजेंसी AP के मुताबिक, करक में एक ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च में अंतिम संस्कार के दौरान हथियारबंद हमलावरों ने गोलीबारी की। इस घटना में सात लोगों की मौत हुई और 34 लोग घायल हुए। यह स्थान राजधानी अम्मान से करीब 180 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है।
जॉर्डन के सरकारी प्रवक्ता मोहम्मद अल-मोमानी ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। अधिकारियों ने हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी को लेकर विस्तृत जानकारी नहीं दी है।
किंग अब्दुल्ला द्वितीय ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय ने हमले को आतंकवादी कृत्य बताते हुए दोषियों को कड़ी सजा देने का संकल्प लिया। भारत ने भी आतंकवाद के सभी रूपों और प्रकारों के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

