गौरव जैन, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जनपद पंचायत गौरेला में रिश्वतखोरी से जुड़े मामले में समाचार प्रकाशित होने के बाद पत्रकार को फोन पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में पत्रकार गौरव जैन द्वारा पुलिस अधीक्षक गौरेला-पेंड्रा-मरवाही को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपितों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की गई है।

शिकायत के अनुसार, 10 मई 2026 को जनपद पंचायत गौरेला में पदस्थ तकनीकी सहायक तरुण ताम्रकार से संबंधित एक समाचार प्रकाशित किया गया था। उक्त समाचार शिकायतकर्ता हेतराम राठौर द्वारा उपलब्ध कराए गए आवेदन, दस्तावेजों और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर तैयार किया गया था। मामले में पशु शेड मूल्यांकन के नाम पर कथित रिश्वत मांगने और अवैध लेनदेन के आरोप लगाए गए थे।

पत्रकार की ओर से पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि समाचार प्रकाशित होने के बाद आरोपित पक्ष द्वारा लगातार दबाव बनाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का प्रयास किया गया। शिकायत में उल्लेख है कि मोबाइल नंबर 9893317123 से लगातार कॉल किए गए, जिसमें कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को तकनीकी सहायक तरुण ताम्रकार का बड़ा भाई तुषार ताम्रकार बताया।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि बातचीत के दौरान अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए पत्रकारों को गंभीर परिणाम भुगतने तथा “देख लेने” जैसी धमकियां दी गईं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यह कृत्य स्वतंत्र पत्रकारिता को प्रभावित करने, भय का वातावरण बनाने और जनहित से जुड़े मामलों की रिपोर्टिंग को रोकने का प्रयास है।
पत्रकार गौरव जैन ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि प्रकाशित समाचार उपलब्ध तथ्यों और वीडियो साक्ष्यों पर आधारित था। यदि संबंधित पक्ष को समाचार पर कोई आपत्ति थी, तो वे वैधानिक प्रक्रिया का सहारा ले सकते थे, लेकिन इसके विपरीत धमकी, दबाव और भय उत्पन्न करने का रास्ता अपनाया गया।
शिकायत में आरोपितों के व्यवहार को गंभीर और आपराधिक प्रकृति का बताते हुए कहा गया है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण व्यक्तिगत सुरक्षा को लेकर आशंका बनी हुई है। आवेदन में पुलिस से संबंधित मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच और कॉल डिटेल निकलवाने की मांग भी की गई है। पत्रकार की ओर से भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कठोर वैधानिक कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

