कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उन पर तीखा हमला बोला है। नड्डा ने राहुल गांधी पर लगातार अपना रुख बदलने और संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का मकसद चर्चा करना नहीं, बल्कि अराजकता फैलाना है।
राहुल गांधी पर जेपी नड्डा का बड़ा आरोप
जेपी नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी संसद और देश के नैरेटिव को लेकर रोज अपना बयान बदलते हैं। उन्होंने दावा किया कि संसद सत्र की शुरुआत में कांग्रेस ने NEET पर चर्चा की मांग की थी। सरकार के तैयार होने के बाद राम मंदिर ट्रस्ट और फिर जंतर-मंतर की घटना को लेकर गृह मंत्री के बयान की मांग उठाई गई।
नड्डा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का उद्देश्य सदन को चलने से रोकना है। उन्होंने कहा कि पिछले 15 दिनों से संसद की कार्यवाही में बाधा डाली जा रही है, जबकि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।
‘जंतर-मंतर पर नहीं चली गोली’
जेपी नड्डा ने राहुल गांधी के जंतर-मंतर से जुड़े दावे पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर गोली चलने की कोई घटना नहीं हुई और न ही गोली चलाने का कोई आदेश दिया गया था। नड्डा के मुताबिक, गृह मंत्री सदन में उठाए जाने वाले हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने राहुल गांधी से चर्चा से नहीं भागने की अपील करते हुए कहा कि बीजेपी संसद में हर मुद्दे पर बहस के लिए तैयार है।
झारखंड के छात्रों का मुद्दा भी उठाया
जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए झारखंड के छात्रों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी को वहां के छात्रों की आवाज सुनाई नहीं देती। नड्डा ने आरोप लगाया कि झारखंड में छात्रों के विरोध के दौरान कंटीले तारों की बाड़ लगाए जाने के लिए राहुल गांधी की पार्टी जिम्मेदार है।
‘सदन में आएं, मुंहतोड़ जवाब मिलेगा’
नड्डा ने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि वह संसद में आएं और मुद्दों पर चर्चा करें। उन्होंने कहा कि सरकार चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है और राहुल गांधी को सदन में मुंहतोड़ जवाब मिलेगा। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर नकारात्मक राजनीति और गैर-जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाने का आरोप लगाया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


