JP Nadda Jaipur Visit: स्वतंत्रता दिवस और हर घर तिरंगा अभियान के कार्यक्रमों के बीच रविवार को जयपुर में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। दिनभर के व्यस्त कार्यक्रम और कड़े सुरक्षा घेरे के बीच नड्डा का काफिला अचानक तारों की कूट इलाके की संकरी गलियों में मुड़ गया। इसके बाद वह जयपुर के वरिष्ठ स्वतंत्रता सेनानी, पत्रकार और लेखक प्रवीण चंद्र छाबड़ा के घर पहुंचे। नड्डा ने उनसे शिष्टाचार भेंट की, उनका हालचाल जाना और आशीर्वाद लिया।

उस समय नड्डा के साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता भी विभिन्न कार्यक्रमों में मौजूद थे। लेकिन नड्डा ने राजनीतिक कार्यक्रमों से अलग समय निकालकर स्वतंत्रता सेनानी छाबड़ा से मिलने उनके घर जाना जरूरी समझा।
70 साल से ज्यादा की पत्रकारिता, आजादी के आंदोलन के साक्षी
प्रवीण चंद्र छाबड़ा जयपुर के सम्मानित स्वतंत्रता सेनानी, वरिष्ठ पत्रकार और लेखक हैं। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन को करीब से देखा और राजस्थान में आजादी की अलख जगाने में सक्रिय भूमिका निभाई। देश की आजादी के बाद उन्होंने पत्रकारिता को राष्ट्रसेवा का माध्यम बनाया। पिछले सात दशकों से ज्यादा समय से वह अपनी लेखनी के जरिए सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहे हैं। छाबड़ा की साहित्यिक यात्रा भी उल्लेखनीय रही है। हाल ही में जयपुर के पिंकसिटी प्रेस क्लब में उनके जीवन के अनुभवों और संस्मरणों पर आधारित डायरी निज से निज को का विमोचन किया गया था।
शॉल ओढ़ाकर किया सम्मान, फल-पुष्प भी किए भेंट
प्रवीण चंद्र छाबड़ा के घर पहुंचकर जेपी नड्डा ने सबसे पहले उनका कुशलक्षेम पूछा और स्वास्थ्य की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने छाबड़ा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और फल-पुष्प भेंट किए। नड्डा ने देश और समाज के प्रति छाबड़ा की सेवाओं को सम्मान दिया। इस दौरान दोनों के बीच आत्मीय बातचीत भी हुई।
नड्डा बोले- भावुक और अविस्मरणीय अनुभव
मुलाकात के बाद जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के संघर्षों को करीब से देखने वाले छाबड़ा जी का जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग और समर्पण की गाथा है। नड्डा ने कहा कि उनके अनुभवों को आत्मीयता से सुनना उनके लिए बेहद भावुक और अविस्मरणीय अनुभव रहा। इस दौरान बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, वरिष्ठ नेता घनश्याम तिवाड़ी समेत कई वरिष्ठ बीजेपी नेताओं ने भी स्वतंत्रता सेनानी प्रवीण चंद्र छाबड़ा से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया।
राजनीतिक कार्यक्रमों के बीच दिखा सम्मान का भाव
जयपुर में रविवार को राज्य स्तरीय तिरंगा यात्रा, अमर जवान ज्योति पर श्रद्धांजलि और संगठन से जुड़े कई कार्यक्रम निर्धारित थे। इन कार्यक्रमों के बीच जेपी नड्डा का स्वतंत्रता सेनानी के घर पहुंचना खास रहा। वीआईपी कार्यक्रमों और सुरक्षा व्यवस्था से अलग नड्डा ने स्वतंत्रता आंदोलन के साक्षी रहे वरिष्ठ नागरिक से मिलने को प्राथमिकता दी। उनकी यह मुलाकात दिनभर के कार्यक्रमों के बीच चर्चा का विषय बन गई।
पढ़ें ये खबरें
- विदेशी दोस्त का गिफ्ट बना ठगी का जाल! यूरोप का कार शोरूम संचालक बन रची कहानी, इंदौर की युवती को बनाया शिकार
- गेस्ट हाउस में छात्रा से दरिंदगी : संक्रमण फैलने से हुई मौत, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
- Bilaspur News Update : गुम मोबाइल रिकवरी में बिलासपुर पुलिस टॉप पर… नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार… 10वीं-12वीं ओपन बोर्ड की परीक्षा आज से
- Hemant Soren Birthday: PM मोदी से ओम बिरला तक ने दी CM हेमंत सोरेन को जन्मदिन की बधाई, जानिए राजनीतिक सफर
- सावन की दूसरी सोमवारी पर शिवमय हुई रामनगरी अयोध्या, नागेश्वरनाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब


