धनबाद। झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी से जुड़े कथित घोटाले को लेकर डुमरी विधायक डॉ. जयराम कुमार महतो ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने इसे अंतर्राज्यीय घोटाला बताते हुए पूरे मामले की बिना देर किए सीबीआइ से जांच कराने की मांग की है। विधायक ने कहा कि निष्पक्ष जांच झारखंड और झारखंडी युवाओं के हित में होगी।
डॉ. जयराम महतो ने कहा कि झारखंड पुलिस की जांच को लेकर आम जनता का भरोसा कमजोर हुआ है। वहीं, जांच की प्रगति और सीआइडी की धीमी रफ्तार भी कई सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेएसएससी के अध्यक्ष और सचिव के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
प्रमाण सामने आने के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं?
विधायक ने कहा कि जेपीएससी-जेएसएससी में गड़बड़ियों से जुड़े प्रमाण सामने आने के बावजूद कार्रवाई के नाम पर चुप्पी बनी हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसे बचाया जा रहा है?
उन्होंने कहा कि कई महीनों से जेपीएससी अध्यक्ष और सदस्यों के पद खाली पड़े हैं। अब नए सिरे से नियुक्ति की प्रक्रिया भी लंबित है। ऐसे में झारखंड के युवा अपने भविष्य और रोजगार को लेकर लगातार असमंजस में हैं।
लाखों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
जयराम महतो ने कहा कि जेएसएससी में भी घोटाले की बात सामने आ चुकी है। सरकार को युवाहित से जुड़े इस गंभीर मामले में तत्काल कदम उठाना चाहिए। उन्होंने झारखंड सरकार से निष्पक्ष सीबीआइ जांच की अनुशंसा करने की मांग की।
विधायक ने कहा कि लाखों झारखंडी युवाओं के भविष्य और रोजगार से जुड़े इस मुद्दे पर अब किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

