रांची। झारखंड हाई कोर्ट ने राज्य फॉरेंसिक साइंस लैब में सहायक निदेशक/वरीय वैज्ञानिक की बैकलॉग नियुक्ति प्रक्रिया और सहायक लोक अभियोजक परीक्षा की भर्ती प्रक्रिया रद्द करने के राज्य सरकार के फैसले पर तत्काल रोक लगाने से इनकार कर दिया है। शुक्रवार को जस्टिस दीपक रोशन की अदालत में दोनों मामलों पर सुनवाई हुई।
सरकार और JPSC से मांगा जवाब
फॉरेंसिक साइंस लैब की भर्ती प्रक्रिया से जुड़े मामले में प्रार्थी मुनीन्द्र प्रकाश की याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने सरकार के आदेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। हालांकि, कोर्ट ने राज्य सरकार और झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) को मामले में जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 24 सितंबर को होगी।
याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता शुभम मिश्रा ने दलील दी कि संबंधित भर्ती प्रक्रिया में किसी तरह की अनियमितता नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि केवल अनियमितता का उल्लेख करते हुए पूरी नियुक्ति प्रक्रिया को रद्द करना उचित नहीं है। वहीं, JPSC की ओर से अधिवक्ता संजय पिपरवाल और प्रिंस कुमार ने पक्ष रखा।
सहायक लोक अभियोजक भर्ती पर भी सुनवाई
इसी अदालत में सहायक लोक अभियोजक परीक्षा की नियुक्ति प्रक्रिया रद्द करने के सरकार के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर भी सुनवाई हुई। अदालत ने इस मामले में भी सरकार के आदेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया और राज्य सरकार व JPSC से जवाब मांगा है।
इस मामले की अगली सुनवाई भी 24 सितंबर को होगी। प्रार्थियों आलोक रंजन, आदित्य भास्कर, आनंद सिंह और अनिरुद्ध ओझा की ओर से अधिवक्ता इंद्रजीत सिन्हा और अनुराग कश्यप ने अदालत में पक्ष रखा।
CID जांच के बाद सरकार ने रद्द की थीं कई परीक्षाएं
दरअसल, CID जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर राज्य सरकार ने उन परीक्षाओं को रद्द करने का निर्णय लिया था, जिनमें टीडीपीएल की भूमिका रही थी। इसके साथ ही वर्ष 2014 से आयोजित नियुक्ति परीक्षाओं में संभावित अनियमितताओं की जांच कराने की घोषणा भी की गई थी।
कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में 22 परीक्षाओं को रद्द, 6 परीक्षाओं की प्रक्रिया स्थगित और 17 परीक्षाओं को जांच के दायरे में रखने का उल्लेख किया गया है।
फिलहाल हाई कोर्ट ने दोनों मामलों में सरकार के फैसले पर अंतरिम रोक नहीं लगाई है। अब सरकार और JPSC के जवाब के बाद ही मामले की आगे की तस्वीर स्पष्ट होगी।


