रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) नियुक्ति घोटाले की जांच कर रही CID ने बड़ी कार्रवाई करते हुए परीक्षा में कथित धांधली के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हटिया के टोंको रोड, केशर विहार स्थित सिंह मेंसन निवासी सुमित कुमार सिंह और बरियातू के टैगोर हिल रोड स्थित रविंद्र नगर निवासी भानु प्रताप के रूप में हुई है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार भेज दिया गया।

जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी इस मामले के मुख्य सरगना बताए जा रहे मिथिलेश सिंह उर्फ आरके के करीबी रिश्तेदार हैं। मिथिलेश सिंह फिलहाल CID की गिरफ्त से बाहर है और उसकी तलाश की जा रही है।

मुख्य सरगना के करीबी रिश्तेदार हैं दोनों आरोपी

CID के अनुसंधान के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपी परीक्षा धांधली के नेटवर्क से जुड़े हुए थे। आरोपी भानु प्रताप ने कथित तौर पर JSSC परीक्षा में अवैध तरीके से सफलता हासिल की थी और वर्तमान में उच्च शिक्षा विभाग में सहायक प्रशाखा पदाधिकारी (ASO) के पद पर कार्यरत था।

वहीं, दूसरा आरोपी सुमित कुमार सिंह राशन और किराने की दुकान चलाता है। जांच एजेंसी के अनुसार, दोनों ने परीक्षा धांधली के नेटवर्क में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

10 से 12 अभ्यर्थियों को पास कराने का खुलासा

CID की जांच, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपियों ने परीक्षा सिंडिकेट के साथ मिलकर करीब 10 से 12 अभ्यर्थियों को कथित तौर पर अवैध तरीके से परीक्षा में पास कराया।

अब जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के जरिए और कितने अभ्यर्थियों ने परीक्षा में कथित रूप से धांधली कर नौकरी हासिल की। इसके साथ ही पूरे मामले में हुए पैसों के लेनदेन की कड़ियों को भी खंगाला जा रहा है।

मिथिलेश सिंह उर्फ आरके की तलाश जारी

CID के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना मिथिलेश सिंह उर्फ आरके अभी फरार है। जांच एजेंसी उसकी तलाश कर रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ और सामने आए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अब घोटाले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

CID का फोकस कथित परीक्षा धांधली के पूरे नेटवर्क, लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों और आर्थिक लेनदेन की कड़ियों को जोड़कर मामले से जुड़े अन्य चेहरों तक पहुंचने पर है।