रांची। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 1 नवंबर को राज्यभर के 986 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। पहली पाली में कक्षा 1 से 5वीं और दूसरी पाली में कक्षा 6 से 8वीं तक के शिक्षक बनने के इच्छुक अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को कदाचारमुक्त और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।
सुबह 9 बजे के बाद नहीं मिलेगी एंट्री
पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। इसके लिए सुबह 7:30 बजे से 9 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा। सुबह 9 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
वहीं, दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगी। इस पाली के अभ्यर्थियों को दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
परीक्षा केंद्रों पर सख्ती, मोबाइल समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित
परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू रहेगी। अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन समेत किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षार्थियों के लिए एडमिट कार्ड की प्रिंटेड कॉपी और आधार कार्ड, वोटर आईडी जैसे मूल वैध फोटो पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य है।
जैक ने कुछ परीक्षा केंद्रों के नाम बदले
झारखंड अकादमिक परिषद (जैक) ने सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कुछ परीक्षा केंद्रों के नाम में संशोधन किया है। हालांकि, केंद्रों के कोड में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ऐसे में अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए निकलने से पहले एडमिट कार्ड पर दर्ज केंद्र का नाम और पूरा पता जांचने की सलाह दी गई है।
एडमिट कार्ड में परेशानी हो तो यहां करें संपर्क
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने या परीक्षा से संबंधित किसी भी तरह की समस्या होने पर अभ्यर्थी जैक की हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं।
- हेल्पलाइन नंबर: 0651-6453344
- टोल-फ्री नंबर: 1800-345-6523
- ईमेल: [email protected]
जैक अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने अभ्यर्थियों से परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने और निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है। उन्होंने सलाह दी है कि अभ्यर्थी प्रवेश समय, परीक्षा केंद्र और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी पहले ही जांच लें, ताकि परीक्षा के दिन अंतिम समय में किसी तरह की परेशानी न हो।

