रांची। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 को कदाचारमुक्त और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एक नवंबर को आयोजित होने वाली परीक्षा में अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों पर सघन जांच से गुजरना होगा। प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल और नकल की आशंका को रोकने के लिए हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से अभ्यर्थियों की तलाशी ली जाएगी। इसके लिए पुलिस मुख्यालय ने पांच जिलों में कुल 112 मेटल डिटेक्टर उपलब्ध कराने का निर्देश जारी किया है।
रांची में सबसे ज्यादा 50 मेटल डिटेक्टर की मांग
विशेष शाखा की ओर से 30 अक्टूबर को जारी पत्र के अनुसार रांची, धनबाद, पाकुड़, जामताड़ा और पश्चिमी सिंहभूम जिले में सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें रांची को सबसे अधिक 50 हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर दिए जाएंगे। वहीं, धनबाद में 25, पाकुड़ में 12, जामताड़ा में 12 और पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में 13 मेटल डिटेक्टर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर रहेगी पुलिस की नजर
परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग के दौरान मेटल डिटेक्टर का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके जरिए मोबाइल फोन समेत अन्य प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने से रोकने की कोशिश होगी। पुलिस प्रशासन ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए जांच और निगरानी की व्यवस्था को प्राथमिकता दी है।
पुलिसकर्मियों की तैनाती के भी निर्देश
विशेष शाखा ने संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक वाहन और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी निर्धारित करने का निर्देश दिया है। सभी जिलों को धुर्वा स्थित विशेष शाखा के अनुरक्षण केंद्र से मेटल डिटेक्टर प्राप्त करने को कहा गया है। परीक्षा समाप्त होने के बाद उपकरणों को तत्काल सुरक्षित वापस जमा कराना भी अनिवार्य होगा।
पुलिस मुख्यालय का उद्देश्य JTET-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए परीक्षा से पहले ही सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है।

