कुमार इंदर, जबलपुर। मध्यप्रदेश के बीजेपी विधायक और रसूखदार खनन कारोबारी संजय पाठक से जुड़े एक हाईप्रोफाइल मानहानि मामले में जबलपुर हाईकोर्ट से बड़ी खबर आई है। जस्टिस विशाल मिश्रा ने संजय पाठक के इस मामले की सुनवाई से खुद को अलग (Recuse) कर लिया है। इतना ही नहीं, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए माननीय न्यायाधीश ने बेहद सख्त टिप्पणी भी की है।

जस्टिस विशाल मिश्रा की सख्त टिप्पणी

मामले से खुद को अलग करते हुए जस्टिस विशाल मिश्रा ने स्पष्ट रूप से टिप्पणी की कि इस केस को लेकर भविष्य में बनने वाली अगली बेंच में भी उन्हें शामिल न किया जाए। गौरतलब है कि यह कोई पहला मौका नहीं है, इसके पहले भी विधायक संजय पाठक से जुड़े एक अन्य मानहानि मामले से जस्टिस विशाल मिश्रा ने खुद को अलग कर लिया था।

पूर्व आर्म्स डीलर ने लगाया है 1 करोड़ की मानहानि का केस

यह पूरा मामला कटनी के रहने वाले पूर्व आर्म्स डीलर नाजिम खान और विधायक संजय पाठक के बीच का है। बीजेपी विधायक संजय पाठक ने नाजिम खान पर अवैध हथियार बेचने का गंभीर आरोप लगाया था। इन आरोपों से क्षुब्ध होकर पूर्व आर्म्स डीलर नाजिम खान ने विधायक संजय पाठक के खिलाफ कोर्ट में एक करोड़ रुपये की मानहानि का केस दायर किया है, जिसे लेकर यह कानूनी लड़ाई चल रही है।

जज को फोन कर केस प्रभावित करने की कोशिश का पुराना इतिहास

संजय पाठक के केस से जजों के खुद को अलग करने के पीछे एक बड़ा और पुराना विवाद रहा है। पूर्व में आरोप लगे थे कि संजय पाठक ने सुनवाई के दौरान जज को सीधे फोन कर केस को प्रभावित करने की कोशिश की थी। न्यायाधीश द्वारा इस बात की लिखित शिकायत किए जाने के बाद, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के तत्कालीन चीफ जस्टिस (मुख्य न्यायाधीश) ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया था। चीफ जस्टिस के कड़े रुख और संज्ञान के बाद ही विधायक संजय पाठक के खिलाफ आपराधिक मामला (Criminal Case) भी दर्ज करवाया गया था।

सिस्टम और न्यायपालिका में हलचल

एक रसूखदार सत्ताधारी विधायक के मामलों से हाई कोर्ट के माननीय न्यायाधीश द्वारा बार-बार खुद को अलग करना और भविष्य की बेंचों में भी न रखने की टिप्पणी करना, प्रदेश के राजनीतिक और न्यायिक गलियारों में एक बड़ा चर्चा का विषय बन गया है। अब देखना होगा कि चीफ जस्टिस इस मामले को सुनवाई के लिए किस नई बेंच को सौंपते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m