Justice Sanjay Kumar Agrawal: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से तबादला होकर आए जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल ने राजस्थान हाईकोर्ट के 44वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। सोमवार को राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ किशनराव बागडे ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और डॉ. प्रेमचंद बैरवा समेत सरकार और न्यायपालिका से जुड़े कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

राष्ट्रपति की अधिसूचना और नियुक्ति वारंट पढ़ा गया

शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास के राज्यपाल से जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल को मुख्य न्यायाधिपति पद की शपथ दिलाने के आग्रह से हुई। इसके बाद मुख्य सचिव ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से जारी मुख्य न्यायाधिपति की नियुक्ति अधिसूचना और नियुक्ति वारंट पढ़कर सुनाया। औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने जस्टिस अग्रवाल को मुख्य न्यायाधिपति पद की शपथ दिलाई।

CM समेत कई प्रमुख लोग रहे मौजूद

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और डॉ. प्रेमचंद बैरवा समेत मंत्रिमंडल के सदस्य शामिल हुए। राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और अधिवक्ता भी समारोह में मौजूद रहे। जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल के परिजन भी इस अवसर के साक्षी बने।

1989 में शुरू किया था वकालत का सफर

जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल 3 जनवरी 1989 को अधिवक्ता के तौर पर नामांकित हुए थे। उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार के महत्वपूर्ण विभागों की ओर से अदालतों में पक्ष रखा। उप महाधिवक्ता के तौर पर सेवा देने के दौरान उन्हें राज्य का महाधिवक्ता भी बनाया गया। 16 सितंबर 2013 को उन्हें छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। इसके बाद 8 मार्च 2016 को उन्होंने स्थायी न्यायाधीश के तौर पर शपथ ली।

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में संभाली न्यायिक जिम्मेदारी

राजस्थान हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश बनने से पहले जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में न्यायिक जिम्मेदारी संभाल रहे थे। न्यायिक और प्रशासनिक क्षेत्र में उनके पास लंबा अनुभव है। न्यायाधीश बनने से पहले वे छत्तीसगढ़ के डिप्टी एडवोकेट जनरल और एडवोकेट जनरल भी रह चुके हैं। सिविल और संवैधानिक कानून के क्षेत्र में भी उनका लंबा अनुभव रहा है।

27 सितंबर 2025 से रिक्त था मुख्य न्यायाधीश का पद

राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का पद जस्टिस के. आर. श्रीराम के 27 सितंबर 2025 को सेवानिवृत्त होने के बाद से रिक्त था। इसके बाद हाईकोर्ट में नियमित मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति का इंतजार था। अब जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल की नियुक्ति के साथ राजस्थान हाईकोर्ट को स्थायी मुख्य न्यायाधीश मिल गया है।

पढ़ें ये खबरें