सुप्रीम कोर्ट के माननीय न्यायमूर्ति सूर्यकांत चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के पांचवें दीक्षांत समारोह और जिला न्यायालय के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सजावट के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

अजय सैनी, भिवानी। हरियाणा की ‘छोटी काशी’ कहे जाने वाले भिवानी शहर में सुप्रीम कोर्ट के माननीय न्यायमूर्ति सूर्यकांत के आगमन को लेकर उत्सव जैसा माहौल है। जिला प्रशासन और न्यायपालिका की ओर से न्यायमूर्ति के स्वागत के लिए जिला न्यायालय परिसर सहित पूरे शहर को भव्य रूप से सजाया गया है। जिला न्यायालय के मुख्य द्वारों को आकर्षक फूलों और लाइटों से सजाया गया है, वहीं लघु सचिवालय और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाकर कायाकल्प किया गया है। न्यायमूर्ति के आगमन की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

CBLU का पांचवां दीक्षांत समारोह और न्यायिक कार्यक्रम

न्यायपालिका और प्रशासन पिछले एक सप्ताह से इस दौरे की तैयारियों में जुटा हुआ है। तय कार्यक्रम के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति सूर्यकांत सबसे पहले चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय (CBLU) के पांचवें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जहां वे छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान करेंगे। इसके उपरांत, वे जिला न्यायालय परिसर पहुंचेंगे जहाँ जिला बार एसोसिएशन की ओर से आयोजित विशेष कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कार्यक्रम स्थल से लेकर निर्धारित रूट तक का कई बार जायजा लिया है और संबंधित विभागों को ‘जीरो एरर’ व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

सजावटी द्वार और अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था

न्यायलय परिसर के साथ-साथ शहर के मुख्य मार्गों और प्रमुख चौक-चौराहों को भी भव्य रूप दिया गया है। न्यायमूर्ति के काफिले के गुजरने वाले मार्ग पर जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए हैं और पूरे रूट पर सुरक्षा कर्मियों की विशेष तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों द्वारा सुरक्षा रणनीति पर लगातार मंथन किया जा रहा है ताकि यातायात और कानून-व्यवस्था में कोई बाधा न आए। यह दौरा न केवल शैक्षणिक दृष्टिकोण से बल्कि स्थानीय न्यायिक बिरादरी के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भिवानी शहर वर्तमान में पूरी तरह सतर्क और न्यायमूर्ति के भव्य स्वागत के लिए तैयार नजर आ रहा है।