हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0 के दौरान नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय अपने चुटीले अंदाज को लेकर चर्चा में आ गए। कार्यक्रम के दौरान माइक की आवाज को लेकर उन्होंने व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। इसके बाद जब उन्होंने अपने विभाग के अपर मुख्य सचिव (ACS) संजय दुबे के भाषण का जिक्र किया, तो उनकी टिप्पणी ने सभी का ध्यान खींचा। विजयवर्गीय ने दुबे के भाषण और आत्मविश्वास की तारीफ करते हुए कहा कि वे रिटायरमेंट के बाद अच्छे नेता बन सकते हैं। मंत्री की इस टिप्पणी के दौरान कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा हुई।

विजयवर्गीय बोले- रिटायरमेंट के बाद अच्छे नेता बन सकते हैं संजय दुबे

कैलाश विजयवर्गीय ने संजय दुबे के भाषण की तारीफ करते हुए अंग्रेजी में कहा कि “And you may be a very good leader after retirement because your speech was so excellent with confidence. I appreciate your speech.”

इसका अर्थ है कि संजय दुबे का भाषण और उनका आत्मविश्वास इतना प्रभावशाली था कि वे रिटायरमेंट के बाद एक अच्छे नेता बन सकते हैं। विजयवर्गीय की इस टिप्पणी को कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने चुटीले अंदाज में लिया। उनकी बात में तारीफ के साथ हल्का व्यंग्य भी नजर आया, हालांकि मंत्री की टिप्पणी के पीछे का आशय उन्होंने खुद स्पष्ट नहीं किया।

ये भी पढ़ें: इंदौर फ्यूचर सिटी से 20 लाख रोजगार का लक्ष्य, 12 से 15 नई टाउनशिप भी बनेंगी! CM मोहन ने अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0 में बताया MP का विजन-2047

5 रुपये की फाइल 33500 में खरीदने वाला वीडियो भी चर्चा में

संजय दुबे का हाल ही में नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाने वाला एक वीडियो भी चर्चा में रहा था। वायरल वीडियो में उन्होंने कथित तौर पर विभाग में फाइल की खरीद को लेकर सवाल उठाते हुए पूछा था कि 5 रुपये लीटर की फाइल 33500 रुपये में कैसे खरीदी गई। इसी पृष्ठभूमि में अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव के मंच से कैलाश विजयवर्गीय की टिप्पणी को लेकर भी चर्चा शुरू हुई। हालांकि, मंत्री ने अपने संबोधन में इस वायरल वीडियो का सीधे तौर पर उल्लेख नहीं किया और न ही यह स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी उसी घटना से जुड़ी थी।

तारीफ के बीच तंज की चर्चा

कैलाश विजयवर्गीय की टिप्पणी का खास हिस्सा उनका यह कहना रहा कि संजय दुबे रिटायरमेंट के बाद अच्छे नेता बन सकते हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी के भाषण और आत्मविश्वास को लेकर मंत्री की इस बात ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।फिलहाल, यह टिप्पणी हल्के-फुल्के अंदाज में की गई तारीफ थी या इसके पीछे कोई व्यंग्यात्मक संकेत था, इस पर अलग-अलग अर्थ निकाले जा सकते हैं। मंत्री की ओर से इसके पीछे किसी विशेष राजनीतिक आशय की पुष्टि नहीं की गई है। अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0 में विकास और निवेश की चर्चाओं के बीच कैलाश विजयवर्गीय की यह टिप्पणी भी कार्यक्रम का चर्चित पल बन गई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m