रेणू अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री तथा धार जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मंगलवार को धार प्रवास पर पहुंचे। सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बालाघाट दौरे पर तीखा राजनीतिक तंज कसा।

ये भी पढ़ें: MP में सियासी हलचल: 1 अक्टूबर को बालाघाट आ सकते हैं राहुल गांधी, आदिवासी बच्चों की मौत पर पीड़ित परिवारों से करेंगे मुलाकात

‘राहुल गांधी के घूमने पर मैं क्या प्रतिक्रिया दूं?’

राहुल गांधी के दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर चुटकी लेते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, “नेता प्रतिपक्ष कभी भी, कहीं भी और किसी भी जगह घूम सकते हैं, मैं उस पर क्या प्रतिक्रिया दूं? ऐसा है कि वे घूमने के लिए कभी एकांतवास में चले जाते हैं, तो कभी थाईलैंड चले जाते हैं। वे राहुल गांधी हैं, उनके ऊपर मैं क्या टिप्पणी करूं।”

धार मास्टर प्लान पर बोले: ‘यह सिर्फ ड्राफ्ट है, आपत्तियों के बाद बदलेंगे’

धार शहर के प्रस्तावित मास्टर प्लान को लेकर उठ रहे सवालों और आपत्तियों पर प्रभारी मंत्री ने स्थिति साफ की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जो सामने आया है, वह केवल मास्टर प्लान का एक प्रारंभिक ड्राफ्ट है, कोई अंतिम फैसला नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस ड्राफ्ट पर जो भी आपत्तियां और सुझाव आएंगे, सभी जनप्रतिनिधि मिलकर उस पर विचार करेंगे और जनता के हित में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें: इंदौर में ‘घंटा’ के बाद अब सुसनेर में ‘घंटी’ का जिक्र, कैलाश विजयवर्गीय का वीडियो वायरल

संगठनात्मक बैठक और कलेक्ट्रेट में समीक्षा

भोपाल में होने वाली आगामी बैठक पर विजयवर्गीय ने कहा कि वह पूरी तरह से संगठन की आंतरिक बैठक है और पार्टी की रणनीतियां पहले से सार्वजनिक नहीं की जातीं। इसके बाद प्रभारी मंत्री कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जिले के विकास कार्यों का जायजा लिया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m