प्रमोद कुमार, कैमूर। जिले के भभुआ थाना क्षेत्र में लापरवाही का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दरअसल मोकरी गांव में एक पोखरे के पास दो बोरों में हजारों की संख्या में आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और बैंक की चेकबुक फेंका हुआ मिला। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के जरूरी दस्तावेज लावारिस हालत में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सबसे बड़ी बात यह है कि यह सभी जरूरी दस्तावेज मोकरी पंचायत के ही लोगों की है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची भभुआ थाना की पुलिस ने सभी आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, और चेकबुक को लेकर थाने चली गई।

मोकरी के पूर्व मुखिया जय शंकर बिहारी और ग्रामीण तेज बहादुर सिंह ने बताया कि आज सुबह ग्रामीण खेत पर जा रहे थे तभी गांव के पुराना पोखरा के पास दो बोरिया फेंका देखा गया, जब उसे खोल कर देखा गया तो उसमें करीब 10 हजार तक इसी पंचायत के लोगों के आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और चेकबुक था, जिसके बाद इसकी सूचना स्थानीय भभुआ थाना को दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस सभी सामान को अपने साथ लेकर चली गई।

ग्रामीणों ने बताया कि यह एक तरह से विभाग की कर्मियों की लापरवाही है, क्योंकि जिनका आधार कार्ड एटीएम कार्ड बैंक पासबुक और चेकबुक बन चुका था तो यह सब सामग्री उन लोगों को दे देना चाहिए था,यह लोग अपनी मनमानी के चलते यह सामान को फेंक दिया गया है,जो घोर लापरवाही का नतीजा है, हम लोग मांग वरीय अधिकारियों से मांग करते हैं कि इस मामले की जांच कराकर दोषी पाए जाने वाले अधिकारीयो पर कार्रवाइ किया जाए।

वहीं जब इस मामले पर कैमूर जिला के भभुआ पोस्ट ऑफिस के सर्किल इंस्पेकर चन्द्र भूषण प्रसाद से पूछा गया तो, उन्होंने फोन पर जानकारी देते हुए कहा कि मामला संज्ञान में आया है कि मोकरी गांव में भारी संख्या में आधार कार्ड एटीएम कार्ड बैंक पासबुक और चेकबुक को फेंका गया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इस मामले पर जांच कर दोषी पाए जाने वाले कर्मियों पर पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि इस मामले पर सर्किल इंस्पेक्टर कैमरे पर कुछ भी बोलने से बचते नजर आए।

घटना के संबंध में भभुआ एसडीएम अमित कुमार ने बताया कि, जानकारी मिली है कि मोकरी गांव में एक बोरे में काफी संख्या में आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, सहित पोस्ट ऑफिस से जुड़ी कई कागजात फेंका गया है, जिसको पुलिस के माध्यम से सभी समान को उठाकर थाना लाया गया है। फिलहाल जिला प्रशासन के द्वारा इस मामले की जांच कराई जाएगी, जांच में जिसकी भी लापरवाही पाई जाएगी, उस संबंधित कर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- मधुबनी गोलीकांड के बाद बवाल, महिलाओं ने DM आनंद शर्मा का पकड़ा कॉलर, VIDEO वायरल