प्रमोद कुमार, कैमूर। नगर की व्यस्त सब्जी मंडी में कुछ बेखौफ अपराधियों ने एक युवक की सरेआम चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई है और स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल है।

​जूता खरीदने आया था युवक

​मृतक की पहचान भभुआ नगर के वार्ड संख्या-25 निवासी स्वर्गीय अनिल पासवान के पुत्र धनजी पासवान के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों और मृतक के परिचित अमन पासवान से मिली जानकारी के अनुसार, धनजी पासवान सब्जी मंडी स्थित एक दुकान पर जूता खरीदने आया था। इसी दौरान कुछ अज्ञात युवक वहां पहुंचे और उसे जबरन दुकान से खींचकर पास की एक सुनसान गली में ले गए। वहां आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से कई वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

​आक्रोशित लोगों ने एकता चौक किया जाम

​घटना के विरोध में आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शहर के प्रमुख एकता चौक पर शव को रखकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की। लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्र में इस तरह सरेआम वारदात को अंजाम देकर अपराधियों का फरार होना पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है।

​सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

​वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर हत्यारों की पहचान की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस वारदात में कुल कितने लोग शामिल थे और इसके पीछे की असली वजह क्या है।

​शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

​गौरतलब है कि भभुआ शहर में चाकूबाजी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे ठीक एक दिन पहले शनिवार की शाम भी लिच्छवी भवन के पास कुछ युवकों ने एक अन्य युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया था। एक तरफ जहां पुलिस त्योहारों के मद्देनजर लगातार गश्त और सुरक्षा के दावे कर रही है, वहीं दूसरी तरफ लगातार हो रही ऐसी वारदातों से आम नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था और अपराधियों पर नियंत्रण को लेकर चिंता काफी बढ़ गई है। फिलहाल, इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस की अग्रेतर कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।