कैथछ: हरियाणा के कैथल स्थित श्री 11 रुद्री मंदिर में 4 सितंबर की रात जन्माष्टमी का मेला देखने गए दो दोस्तों पर दो युवकों ने पंक्चर लगाने वाले सुए और लात-मुक्कों से हमला कर दिया। हमला उस समय हुआ जब पीड़ित युवक वहां दो गुटों के बीच हो रहे झगड़े में बचाव कराने पहुंचे थे। वारदात में शक्ति नगर निवासी अंकुश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक PGI रेफर कर दिया गया। शिकायत मिलने पर कैथल शहर थाना पुलिस ने आरोपी राहुल और मंदीप उर्फ बुलर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दोस्त के साथ मेला देखने गया था पीड़ित

शक्ति नगर कैथल निवासी अंकुश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मजदूरी का काम करता है। चार सितंबर की शाम करीब 8 बजे वह अपने दोस्त अरुण के साथ जन्माष्टमी का मेला देखने के लिए श्री 11 रुद्री मंदिर गया था।

झगड़ा छुड़ाने गए तो करने लगे मारपीट

अंकुश के अनुसार, रात करीब 9 बजे मंदिर में घूमते समय उसने देखा कि दो गुट आपस में झगड़ रहे थे। अंकुश वहां मौजूद कुछ लड़कों को जानता था। जब वह और अरुण बीच-बचाव कराने लगे, तो वहां मौजूद राहुल और मंदीप उर्फ बुलर ने उन पर हमला कर दिया और मारपीट शुरू कर दी।

पेट में सुआ मारा, भीड़ जुटते ही भागे आरोपी

विरोध करने पर राहुल ने हाथ में लिया पंक्चर लगाने वाला सुआ अंकुश के पेट में बाईं तरफ मार दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने उन्हें लात-मुक्कों से पीटा। मौके पर लोगों को इकट्ठा होते देख आरोपी वहां से फरार हो गए। परिजन घायल अंकुश को तुरंत अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक PGI रेफर कर दिया। फिलहाल उसका रोहतक PGI में इलाज चल रहा है।

शहर थाना के जांच अधिकारी मंजीत ने बताया कि इस संबंध में पीड़ित की तरफ से शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की तफ्तीश जारी है और जांच के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m