कैथल में SHREEAM ASTRO TRUST द्वारा 'SOUL CONNECT 2026' का आयोजन किया गया, जिसमें ज्योतिष प्रतियोगिता और वैदिक ज्ञान पर चर्चा हुई।

राकेश कथूरिया, कैथल। श्रीराम ऑस्ट्रो ट्रस्ट (SHREEAM ASTRO TRUST) की चेयरपर्सन डॉ. सुमन अत्री के नेतृत्व में समाज में वैदिक ज्योतिष, सनातन ज्ञान एवं आध्यात्मिक जागरूकता के प्रचार-प्रसार हेतु निरंतर सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कैथल में “SOUL CONNECT 2026 – ज्योतिष महासंगम” का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में देशभर के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्यों, वास्तु विशेषज्ञों एवं आध्यात्मिक गुरुओं ने भाग लिया। उन्होंने विवाह संबंधी ज्योतिषीय विषयों, वैवाहिक जीवन में आने वाली बाधाओं और उनके ज्योतिषीय कारणों पर गहराई से प्रकाश डाला। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को सही ज्योतिषीय मार्गदर्शन और वैदिक उपायों के माध्यम से जीवन की समस्याओं का समाधान प्रदान कर सकारात्मक ऊर्जा और सनातन संस्कृति का प्रचार करना था।

कैथल में ज्योतिष का महासंगम

डॉ. सुमन अत्री ने बताया कि वर्तमान में विवाह में देरी, रिश्तों में बाधा और वैवाहिक अस्थिरता जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं, जिनके पीछे सप्तम भाव, शुक्र और मंगल जैसे ग्रहों की स्थिति प्रमुख कारण होती है। इस ज्योतिष महासंगम में विवाह योग, वास्तु, अंक ज्योतिष और लाल किताब जैसे रहस्यमयी विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम की सबसे ऐतिहासिक उपलब्धि ज्योतिष जगत में पहली बार आयोजित “ज्योतिष प्रतियोगिता” (Astrology Competition) रही। इसमें प्रतिभागियों ने वैदिक सिद्धांतों पर आधारित प्रश्नों के उत्तर देकर अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया। विजेताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने भविष्य में इस प्रतियोगिता को राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने का संकल्प लिया है ताकि नई पीढ़ी को सनातन विद्या से जोड़ा जा सके।

आध्यात्मिक जागरूकता का अनूठा प्रयास

इस भव्य आयोजन में केवल चर्चाएं ही नहीं, बल्कि लाइव सत्र, आध्यात्मिक सत्र और सम्मान समारोह भी आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में ज्योतिष प्रेमियों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। डॉ. सुमन अत्री ने स्पष्ट किया कि ट्रस्ट का लक्ष्य समाज में आध्यात्मिक जागरूकता फैलाकर सनातन संस्कृति को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन ज्ञान, संस्कृति और दिव्य ऊर्जा का एक अद्भुत संगम साबित हुआ, जिसने कैथल वासियों को वैदिक परंपराओं से गहराई से जोड़ा। भविष्य में ऐसे और भी ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों के माध्यम से श्रीराम ऑस्ट्रो ट्रस्ट (SHREEAM ASTRO TRUST) समाज को सही दिशा प्रदान करने का निरंतर कार्य करता रहेगा।