राकेश कथूरिया, कैथल। हरियाणा के कैथल में एंटी व्हीकल थैफ्ट स्टाफ ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से 315 बोर के दो अवैध देशी कट्टे और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी की पहचान सोनीपत जिले के मेहमदपुर निवासी नवीन उर्फ पटवारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट और लड़ाई-झगड़े के 10 से अधिक मामले दर्ज हैं। मामले में अदालत से चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर अवैध हथियार रखने वाले आरोपियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एंटी व्हीकल थैफ्ट स्टाफ कैथल ने यह कार्रवाई की।

एंटी व्हीकल थैफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई मुकेश कुमार की अगुवाई में एएसआई संदीप कुमार की टीम अपराधों की रोकथाम के लिए गांव सांगन बस अड्डे के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जम्मू-कटरा हाईवे पुल के नीचे हरिपुरा-सिनंद रोड पर एक युवक मोटरसाइकिल पर पिट्ठू बैग लेकर बैठा है। उसके पास अवैध 315 बोर के देशी कट्टे और कारतूस होने की सूचना थी।

पिट्ठू बैग से मिले हथियार और कारतूस

पुलिस ने सूचना को विश्वसनीय मानते हुए तुरंत कार्रवाई की। टीम ने जम्मू-कटरा हाईवे पुल के नीचे हरिपुरा-सिनंद रोड पर दबिश दी।

पुलिस के मुताबिक, मौके पर सूचना में बताए गए हुलिए का एक युवक मोटरसाइकिल पर पिट्ठू बैग के साथ बैठा मिला। पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया। उसकी पहचान नवीन उर्फ पटवारी के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान उसके पिट्ठू बैग से 315 बोर के दो अवैध देशी कट्टे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पहले भी दर्ज हैं 10 से ज्यादा मामले

पुलिस के अनुसार, नवीन उर्फ पटवारी आपराधिक किस्म का आरोपी है। उसके खिलाफ पहले भी आर्म्स और लड़ाई-झगड़े के 10 से अधिक मामले दर्ज हैं।

आरोपी के खिलाफ थाना कलायत में मामला दर्ज किया गया है। मौके पर पहुंचे एएसआई राममेहर सिंह ने आरोपी को काबू किया।

चार दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी

पुलिस ने आरोपी से आगे की पूछताछ के लिए अदालत में पेश किया। अदालत से आरोपी का चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस अब मामले में आरोपी से व्यापक पूछताछ कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m