राकेश कथूरिया, कैथल। पुलिस महानिरीक्षक, करनाल मंडल, करनाल अशोक कुमार बुधवार को पुलिस लाइन कैथल स्थित एनडीपीएस मालखाने पहुंचे। उन्होंने एनडीपीएस एक्ट के मामलों में बरामद केस प्रॉपर्टी की जांच की। रजिस्टर में दर्ज विवरण से माल मुकदमे का मिलान किया गया। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुख्य मालखाना कक्ष के लॉक को आईजी अशोक कुमार ने सील कर दिया।

64 मामलों में बरामद नशे को नष्ट करने की प्रक्रिया
पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, कैथल पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के 64 मामलों में बरामद नशे को नष्ट करने की प्रक्रिया चल रही है। बरामद नशे में अफीम, चूरा पोस्त, डोडापोस्त, गांजा, चरस और हेरोईन शामिल है।
इसी प्रक्रिया के तहत आईजी अशोक कुमार और एसपी कैथल मनप्रीत सिंह सूदन ने पुलिस लाइन स्थित मालखाने की जांच की। मालखाने में सुरक्षित रखे माल मुकदमे का रजिस्टर में दर्ज मद के अनुसार मिलान किया गया।
62 मामलों के नमूने सुरक्षित रखे जाएंगे
प्रवक्ता ने बताया कि 62 विचाराधीन मामलों के नमूने सुरक्षित रखने के बाद माल मुकदमा को नियमानुसार कार्रवाई के दौरान नष्ट किया जाना है। वहीं, डिसाइड हो चुके दो मामलों के नमूनों को नष्ट किया जाएगा।
जांच के दौरान मालखाने में रखी केस प्रॉपर्टी का रिकॉर्ड से मिलान किया गया। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुख्य मालखाना कक्ष को सील कर दिया गया।
करनाल में नष्ट किया जाएगा बरामद नशा
पुलिस के मुताबिक, बरामद नशे को ड्रग डिस्पोजल कमेटी द्वारा आगामी दिनों में नष्ट किया जाएगा। इसके लिए करनाल स्थित गांव बजीदा जाटान की वेस्टेज फैक्ट्री में नियमानुसार कार्रवाई की जानी है।
इस दौरान डीएसपी रोहताश, डीएसपी रमेश गुलिया, आईजी प्रवाचक एसआई सुभाष, एसपी प्रवाचक एसआई तरसेम, ओएएसआई प्रवेश, मालखाना इंचार्ज एएसआई सुरेश कुमार, एचसी होशियार सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



