पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कैथल पुलिस ने साइकिल जागरूकता यात्रा निकाली। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने पुलिसकर्मियों को सप्ताह में दो दिन साइकिल उपयोग के निर्देश दिए हैं।

राकेश कथूरिया, कैथल। बढ़ती ईंधन खपत और पर्यावरण प्रदूषण की गंभीर समस्या को देखते हुए कैथल पुलिस ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार और डीएसपी गुरविंद्र सिंह के नेतृत्व में जिला सचिवालय से एक विशेष साइकिल जागरूकता यात्रा निकाली गई। यह यात्रा जिला सचिवालय से शुरू होकर करनाल रोड, पेहवा चौक और अम्बाला रोड जैसे मुख्य मार्गों से होते हुए पुलिस लाइन कैथल में संपन्न हुई। इस पहल के माध्यम से पुलिस विभाग ने आमजन को ईंधन बचाने, प्रदूषण कम करने और एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का कड़ा संदेश दिया है।

पुलिसकर्मियों के लिए जारी हुए विशेष दिशा-निर्देश

जागरूकता अभियान को केवल संदेश तक सीमित न रखते हुए एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने जिला पुलिस के लिए व्यावहारिक दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। इन निर्देशों के अनुसार, कैथल शहर या पुलिस आवासीय कॉलोनियों में रहने वाले सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अब सप्ताह में कम से कम दो दिन साइकिल के माध्यम से अपने कार्यालय पहुंचेंगे। वहीं, जो कर्मचारी शहर के बाहरी क्षेत्रों से आते हैं, उन्हें कार-पूलिंग या बस सेवा जैसे सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है ताकि सड़कों पर वाहनों का दबाव और प्रदूषण दोनों कम हो सकें।

स्वच्छ भविष्य के लिए समाज से सामूहिक अपील

साइकिल यात्रा का नेतृत्व कर रहे डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के ईंधन बचाने के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए यह मुहिम शुरू की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य पेट्रोल-डीजल की खपत को कम कर पर्यावरण को सुरक्षित बनाना है। कैथल पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे छोटी दूरियों के लिए साइकिल का चुनाव करें। विभाग का मानना है कि यदि समाज सामूहिक रूप से संसाधनों का उचित उपयोग करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।