हरियाणा के कैथल में एक वारंटी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपी ने अचानक हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में एक एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
कैथल। जिले में वारंटी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अदालत की ओर से जारी गिरफ्तारी वारंट दिखाकर आरोपित को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम के साथ मारपीट की गई, जिसमें एक ASI (Assistant Sub Inspector) [सहायक उप निरीक्षक] घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा, मारपीट और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कलायत थाना में तैनात एएसआई राजेश अपने साथी होमगार्ड कर्मचारी अमरजीत के साथ 21 मई को गांव कौलेखां निवासी प्रभात को गिरफ्तार करने पहुंचे थे। पुलिस टीम अदालत की ओर से जारी गिरफ्तारी वारंट लेकर गई थी। बताया गया कि सिविल लाइन थाना में दर्ज एक मामले में प्रभात के खिलाफ वारंट जारी हुए थे। दोपहर करीब दो बजे पुलिस टीम कलायत नहर पुल के पास स्थित आरोपित की बाइक की दुकान पर पहुंची, जहां प्रभात मौजूद मिला।
एएसआई राजेश के अनुसार उन्होंने आरोपित को गिरफ्तारी वारंट दिखाकर हिरासत में लेने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन इसी दौरान प्रभात कथित तौर पर भड़क गया और पुलिस टीम के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान एएसआई राजेश घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपित प्रभात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

