कैथल: हरियाणा के कैथल जिले में चलाए जा रहे समाधान शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का तेजी से निपटारा किया जा रहा है। कैथल के अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सुशील कुमार ने शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया कि जिले में अब तक प्राप्त कुल 5,952 शिकायतों में से 5,255 मामलों का सफलतापूर्वक समाधान कर दिया गया है। बैठक से पहले चंडीगढ़ मुख्यालय से आयोजित राज्य स्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिलों में लंबित शिकायतों की स्थिति पर भी चर्चा की गई।

ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश

लघु सचिवालय सभागार में हुई बैठक के दौरान एडीसी ने लंबित शिकायतों के जल्द और पारदर्शी निपटारे पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जो शिकायतें अभी तक ऑनलाइन पोर्टल पर देखी या स्वीकार नहीं की गई हैं, अधिकारी उन्हें तुरंत स्वीकार करें। सभी विभागों को प्राथमिकता के आधार पर तय समय सीमा के भीतर पेंडिंग आवेदनों का समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।

शिकायत बंद करने से पहले नागरिक से संवाद अनिवार्य

एडीसी सुशील कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि किसी भी शिकायत को बंद करने से पहले आवेदक से सीधे बात की जाए। ऐसा करने से यह सुनिश्चित होगा कि नागरिक को वास्तविक राहत मिली है या नहीं। यदि किसी कारणवश शिकायत का समाधान संभव नहीं है, तो शिकायतकर्ता को इसका स्पष्ट और संतोषजनक कारण बताया जाना अनिवार्य होगा।

57 शिकायतें पेंडिंग, बैठक में मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी

समीक्षा बैठक के दौरान आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया गया कि जिले में वर्तमान में केवल 57 शिकायतें ही पेंडिंग हैं, जबकि शेष आवेदन रिजेक्ट या री-ओपन श्रेणी में दर्ज हैं। इस दौरान सीटीएम कैप्टन प्रमेश कुमार, एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार और डीएसपी बीरभान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m