राकेश कथूरिया, कैथल। सोशल मीडिया पर बढ़ते साइबर अपराधों, फर्जी प्रोफाइल और ठगी की वारदातों को देखते हुए कैथल पुलिस ने आमजन के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। कैथल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनप्रीत सिंह सूदन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का उपयोग करते समय सतर्क रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें। एसपी ने कहा कि सतर्कता और जिम्मेदारी से सोशल मीडिया का इस्तेमाल करके ही साइबर ठगी, ब्लैकमेलिंग और डेटा चोरी जैसी घटनाओं से बचा जा सकता है।

मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का करें इस्तेमाल

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि साइबर अपराधी अक्सर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं और उनकी निजी जानकारी का दुरुपयोग करते हैं। इससे बचने के लिए सोशल मीडिया अकाउंट्स का पासवर्ड हमेशा मजबूत रखें और उसे समय-समय पर बदलते रहें। इसके अलावा अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए अकाउंट्स में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन जरूर चालू रखें। किसी भी अनजान या संदिग्ध लिंक और लुभावनी स्कीम वाले मैसेज पर क्लिक न करने की सलाह दी गई है।

फोटो और वीडियो सोच-समझकर करें शेयर, निजी जानकारी रखें सुरक्षित

एडवाइजरी में बताया गया कि सोशल मीडिया पर पोस्ट की जाने वाली तस्वीरें, वीडियो या व्यक्तिगत जानकारी गलत हाथों में जाकर अपराध का माध्यम बन सकती हैं। इसलिए कोई भी निजी जानकारी सार्वजनिक करने से पहले विचार करना जरूरी है। एसपी ने सोशल मीडिया का उपयोग केवल सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों के लिए करने का आग्रह किया है।

बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें अभिभावक

एसपी ने अभिभावकों को हिदायत दी है कि वे अपने बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नियमित रूप से नजर रखें। बच्चों को समझाएं कि वे किसी भी अज्ञात व्यक्ति से ऑनलाइन बातचीत न करें और न ही अपनी कोई फोटो या वीडियो साझा करें।

ऑनलाइन ठगी या ब्लैकमेलिंग होने पर तुरंत 1930 पर करें कॉल

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ सोशल मीडिया के जरिए धोखाधड़ी, धमकी, ब्लैकमेलिंग या आपत्तिजनक पोस्ट की घटना होती है, तो वे तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें और अपनी शिकायत दर्ज करवाएं। उन्होंने कहा कि सतर्कता ही बचाव है और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देनी चाहिए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m