कैथल। हरियाणा के कैथल जिले के सीवन कस्बे में एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। जिस घर में जनवरी महीने में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब बेटे की मौत से शोक पसरा है। शनिवार शाम नए मकान में काम करते समय बिजली का करंट लगने से 28 वर्षीय गौरव की मौत हो गई।

गौरव अपने नए मकान में पानी डालने यानी तराई करने के लिए गया था। इसी दौरान टुल्लू पंप का पाइप निकल गया। वह पाइप को दोबारा लगाने पहुंचा, तभी नंगे पैर होने के कारण बिजली के करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह पंप के ऊपर ही गिर पड़ा और गंभीर रूप से झुलस गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले नहीं बच सकी जान

हादसे के बाद परिजन गौरव को तुरंत कैथल के जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। गौरव की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

जनवरी में होनी थी शादी

परिजनों के मुताबिक, गौरव असंध स्थित हैफेड शुगर मिल में नेटवर्किंग सुपरवाइजर के पद पर नौकरी करता था। शनिवार को छुट्टी होने के कारण वह घर आया हुआ था। परिवार में उसकी शादी की तैयारियां चल रही थीं और जनवरी में शादी होनी तय थी।

गौरव तीन बहनों का इकलौता भाई था। वह अपने माता-पिता का भी इकलौता बेटा था। परिवार को उसकी शादी का इंतजार था, लेकिन एक हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं। घटना के बाद पूरे सीवन कस्बे में शोक का माहौल है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m