सत्या राजपूत, रायपुर। राजधानी रायपुर के कालीबाड़ी स्थित मातृ एवं शिशु चिकित्सालय के तीन ऑपरेशन थिएटर का उन्नयन किया जाएगा। इसके लिए 16 नवंबर 2026 से काम शुरू होगा, जिसे पूरा होने में लगभग तीन महीने का समय लगेगा। इस दौरान यहां मरीजों को ऑपरेशन की सुविधा नहीं मिलेगी। अस्पताल प्रबंधन ने वैकल्पिक व्यवस्था की है।
उन्नयन कार्य के चलते कालीबाड़ी मातृ एवं शिशु अस्पताल में होने वाले ऑपरेशन जिला अस्पताल पंडरी में किए जाएंगे। इसके लिए पंडरी अस्पताल में आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई है, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

सामान्य प्रसव और ओपीडी सेवाएं रहेंगी जारी
ऑपरेशन थिएटर के उन्नयन के दौरान कालीबाड़ी अस्पताल में सामान्य प्रसव, ओपीडी और वार्ड की सेवाएं पहले की तरह संचालित होती रहेंगी। मरीजों को इन सेवाओं के लिए दूसरे अस्पताल जाने की जरूरत नहीं होगी। केवल ऑपरेशन की सुविधा के लिए पंडरी जिला अस्पताल की व्यवस्था की गई है।
हर महीने 300 से अधिक ऑपरेशन से होते हैं प्रसव
कालीबाड़ी स्थित मातृ एवं शिशु चिकित्सालय में हर महीने 300 से अधिक ऑपरेशन के जरिए प्रसव कराए जाते हैं। ऐसे में तीन ऑपरेशन थिएटर के उन्नयन को अस्पताल की सुविधाओं में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उन्नयन कार्य पूरा होने के बाद ऑपरेशन थिएटर की सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

