कानपुर के रेउना थाना क्षेत्र में महिला सिपाही प्रतीक्षा सिंह की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने शिक्षक विक्रम सिंह चंदेल को गिरफ्तार किया है. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित ने करीब 10 महीने में महिला सिपाही को लगभग 5000 बार फोन किया था.

कानपुर. रेउना थाना क्षेत्र के गिरसी गांव निवासी 22 वर्षीय महिला सिपाही प्रतीक्षा सिंह की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने शिक्षक विक्रम सिंह चंदेल को गिरफ्तार किया है. अमेठी के मोहनगंज थाना में तैनात प्रतीक्षा ने बीते बुधवार को छुट्टी लेकर घर आने के बाद फंदा लगाकर जान दे दी थी. पुलिस ने जांच के बाद आरोपित शिक्षक को शनिवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

फोन कॉल से खुला राज

आत्महत्या से पहले प्रतीक्षा ने अपना मोबाइल फोन रीसेट कर दिया था. पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाला तो सामने आया कि सचेंडी थाना क्षेत्र के बिनौर निवासी 43 वर्षीय विक्रम सिंह चंदेल उससे लगातार संपर्क में था.

जांच में पता चला कि करीब 10 महीने के दौरान विक्रम ने प्रतीक्षा को लगभग 5000 बार फोन किया था. पुलिस ने इसी आधार पर मामले की आगे जांच की.

एकेडमी में हुई थी मुलाकात

पुलिस जांच के अनुसार, विक्रम ने वर्ष 2022-23 में गजनेर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए फिजिकल एकेडमी शुरू की थी. प्रतीक्षा और उसकी बहन दीपा इसी एकेडमी में पढ़ती थीं.

इसके बाद विक्रम का प्रतीक्षा के घर आना-जाना शुरू हुआ और दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी. प्रतीक्षा के पुलिस विभाग में चयनित होने के बाद भी दोनों के बीच फोन पर संपर्क बना रहा.

शादी की बात पर विवाद

परिवार की ओर से प्रतीक्षा के लिए विवाह के लिए लड़का देखा जा रहा था. पुलिस के अनुसार, इसी दौरान शादीशुदा और दो बच्चों के पिता विक्रम ने कथित तौर पर उस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया और करीब एक सप्ताह से फोन पर उससे विवाद कर रहा था.

पुलिस मामले में सामने आए सभी तथ्यों की जांच कर रही है. रेउना थाना प्रभारी अनुज राजपूत ने बताया कि आरोपित को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया.