कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र स्थित सुभौली गांव में शनिवार सुबह एक बबूल के पेड़ से युवक और शादीशुदा युवती के शव लटके पाए गए. पुलिस ने मौके से मिले सामान के आधार पर मृतकों की शिनाख्त कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

कानपुर. जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुभौली गांव के समीप शनिवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब रेलवे लाइन के किनारे एक बबूल के पेड़ से युवक और युवती के शव लटके हुए देखे गए. एक ही साड़ी के दोनों छोर पर बने फंदों से दोनों शव झूल रहे थे. स्थानीय निवासियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल की नाकेबंदी कर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए.

मौके से बरामद सामान और शिनाख्त

पुलिस को घटनास्थल से एक पॉलिथीन बरामद हुई है, जिसमें एक मोबाइल फोन, पहचान पत्र और ₹2500 नगद रखे हुए थे. पहचान पत्र की सहायता से मृतका की शिनाख्त उन्नाव जिले की निवासी 27 वर्षीया मालती के रूप में हुई. पुलिस जांच में सामने आया कि मालती की शादी आठ वर्ष पूर्व हुई थी और उसके दो बच्चे हैं, जबकि मृतक युवक की पहचान ओम के रूप में की गई है.

प्रेम प्रसंग का मामला आया सामने

एडीसीपी ईस्ट शिवा सिंह ने बताया कि मृतका की बहन और परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक दोनों के बीच प्रेम संबंध चल रहा था. हालांकि ग्रामीणों ने हत्या कर शव लटकाए जाने का संदेह व्यक्त किया है. पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचित कर दिया है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है.