कानपुर देहात. अकबरपुर थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में रविवार सुबह करीब 10:30 बजे पत्नी के मोबाइल पर किसी अन्य व्यक्ति से बात करने को लेकर हुए विवाद में पति ने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी. आरोपी पति गजेंद्र संखवार ने कमरे में रखी लोहे की रॉड से पत्नी सपना उर्फ आसमा के सिर और चेहरे पर कई वार किए. गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी ने खुद डायल-112 पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी.
इसे भी पढ़ें- ‘जिम्मेदारियों से मुंह न मोड़ें सरकारें’… UP, MP और दिल्ली की त्रासदी पर मायावती का सरकारों पर निशाना
मोबाइल पर बात करने को लेकर हुआ विवाद
डेरापुर थाना क्षेत्र के डुडौली निवासी गजेंद्र संखवार (30) अकबरपुर के नेहरू नगर में किराये के मकान में पत्नी सपना उर्फ आसमा (29) के साथ रहता था. पुलिस के अनुसार, दोनों ने करीब दो माह पहले कोर्ट मैरिज की थी. बताया जा रहा है कि गजेंद्र अपनी पत्नी के फोन पर किसी अन्य व्यक्ति से बात करने को लेकर नाराज रहता था. रविवार सुबह इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद गजेंद्र ने रॉड से सपना पर हमला कर दिया.
चीख सुनकर ऊपर पहुंचे मकान मालिक
मकान मालिक सुभाष संखवार ने बताया कि वह नीचे रहते हैं, जबकि दूसरी मंजिल पर तीन किरायेदार रहते हैं. रविवार सुबह सपना की चीख सुनकर वह ऊपर पहुंचे. इसी दौरान गजेंद्र हत्या करने और थाने जाने की बात कहकर बाहर निकल रहा था. अंदर देखने पर सपना खून से लथपथ मिली. मकान मालिक और अन्य लोगों ने आरोपी को पुलिस के पहुंचने तक रोककर रखा.
मां से फोन पर बोली थी- अब साथ नहीं रहना
सपना की मां खैरा बानो ने पुलिस को बताया कि हत्या से करीब आधे घंटे पहले उनकी बेटी ने फोन पर बात की थी. सपना ने कहा था कि वह अब गजेंद्र के साथ नहीं रहना चाहती. मां के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों में अनबन होने लगी थी. सपना कथित तौर पर अपने फैसले से खुश नहीं थी और अक्सर गजेंद्र को छोड़ने की बात करती थी.
इसे भी पढ़ें- ज्ञान के साथ जीवन मूल्य और दायित्वबोध शिक्षा का आधार बने : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
दोनों की पहले भी हो चुकी थी शादी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सपना की पहले शादी हो चुकी थी और उसके तीन बच्चे हैं. वहीं, गजेंद्र की भी पूर्व में शादी हुई थी और उसका एक बेटा है. दोनों की सोशल मीडिया के जरिए पहचान हुई और नजदीकियां बढ़ने के बाद उन्होंने कोर्ट मैरिज की थी. अकबरपुर थानाध्यक्ष हरमीत सिंह के मुताबिक, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.



