कानपुर. कानपुर में सरकारी डॉक्टर संदीप सिंह (38) ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को सीने में गोली मार ली. गोली चलने की आवाज सुनकर पत्नी कंचन कमरे में पहुंचीं तो डॉक्टर जमीन पर घायल अवस्था में पड़े थे. परिवार के लोग उन्हें रीजेंसी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. घटना रविवार देर रात करीब 2 बजे निराला नगर स्थित ब्लॉसम अपार्टमेंट की है. संदीप सिंह कानपुर देहात में तैनात थे.
इसे भी पढ़ें- SIR पर CM योगी की युवाओं से अपील, बोले- 18 साल पूरे करने वाले हर युवा का वोटर लिस्ट में जुड़े नाम
गोली की आवाज सुनकर पत्नी कमरे में पहुंचीं
परिजनों के मुताबिक, रात में गोली चलने की आवाज सुनकर पत्नी कंचन कमरे में पहुंचीं. वहां संदीप जमीन पर पड़े थे. इसके बाद परिवार को सूचना दी गई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी के मुताबिक, फोरेंसिक टीम ने रिवॉल्वर जब्त कर लिया है.
पत्नी और 6 महीने के बेटे के साथ रहते थे
संदीप सिंह मूल रूप से लाल बंगला के परदेवनपुरवा के रहने वाले थे. उनके पिता राज बहादुर सिंह पत्नी और छोटे बेटे विक्रम के साथ वहीं रहते हैं. संदीप निराला नगर के ब्लॉसम अपार्टमेंट में पत्नी और छह महीने के बेटे के साथ अलग रहते थे. परिवार में संदीप चार भाइयों में से एक थे. उनके एक बड़े भाई की बीमारी और दूसरे भाई की हिट एंड रन घटना में मौत हो चुकी है.
तीन साल पहले की थी दूसरी शादी
परिजनों के अनुसार, संदीप ने करीब तीन साल पहले कासगंज निवासी कंचन से दूसरी शादी की थी. दोनों ने लव मैरिज की थी. इससे पहले संदीप का पहली पत्नी से तलाक हो चुका था. पहली पत्नी से उनकी पांच साल की बेटी है. पिता राज बहादुर के मुताबिक, दूसरी शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होते थे.
इसे भी पढ़ें- प्रयागराज में महिला से गैंगरेप, ऑटो चालक समेत एक गिरफ्तार; दो की तलाश
पुलिस बोली- पारिवारिक कलह की बात सामने आई
किदवई नगर थानाध्यक्ष नीरज द्विवेदी ने बताया कि सीने में गोली मारकर सुसाइड का मामला सामने आया है. प्रथमदृष्टया पारिवारिक कलह की बात सामने आ रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी.

