कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसकी मां पर हत्या का आरोप लगाया. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है.

कानपुर. महाराजपुर थाना क्षेत्र के विपौसी गांव में 14 वर्षीय छात्र सत्यम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. छात्र के गले और शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद ग्रामीणों ने उसकी मां पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है.

सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है.

घर लौटने के बाद बिगड़ी हालत

विपौसी गांव निवासी सर्वेश गुजरात की एक निजी कंपनी में काम करते हैं. करीब 14 साल पहले उनकी शादी गांव की रहने वाली संगीता से हुई थी और दंपती के तीन बेटे हैं.

संगीता के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 5 बजे उनका बड़ा बेटा सत्यम चक्की से आटा लेकर घर आया था. उसने पेट में दर्द होने की बात कही और इसके बाद चारपाई पर लेट गया.

काफी देर तक जब सत्यम नहीं उठा तो उसे जगाने की कोशिश की गई. परिजनों ने उसकी हालत बिगड़ी देख उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पिता ने जांच की मांग की

शुक्रवार सुबह डायल-112 के जरिए पुलिस को घटना की जानकारी दी गई. इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

गुजरात में काम कर रहे मृतक के पिता ने पूरे मामले की जांच की मांग की है. उन्होंने बताया कि सुबह पड़ोस में रहने वाले एक लड़के ने फोन कर उन्हें बेटे की मौत की जानकारी दी थी और बताया था कि उसके सिर में चोट लगी है.

सत्यम तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और अपनी मां के साथ गांव में रहता था. ग्रामीणों की ओर से मां पर संदेह जताए जाने के बावजूद अभी तक परिजनों ने पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है.

पुलिस ने क्या कहा

चकेरी एसीपी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे पुलिस को मां द्वारा बेटे की हत्या की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए.

एसीपी के मुताबिक, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है और शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.