कानपुर के कैंट थाना क्षेत्र में 28 वर्षीय महिला की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति और देवर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल तमंचा और बाइक बरामद की है.
कानपुर. कैंट थाना क्षेत्र के सत्ती चौरा इलाके में 30 अगस्त की शाम घर में घुसकर 28 वर्षीय चांदनी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मृतका के पति संतोष और गोली चलाने वाले उसके भाई विनोद के रूप में हुई है.
पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल बाइक और तमंचा बरामद किया है. कैंट पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है, जबकि मामले में शामिल अंशु और दो अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है.
खाना खाते समय वारदात
पुलिस के अनुसार, रविवार शाम चांदनी अपनी तीन साल की बेटी और छोटी बहन अंजलि के साथ घर में बैठकर खाना खा रही थी. इसी दौरान दो आरोपी घर में पहुंचे और चांदनी से उसकी बहन सरोजनी के बारे में पूछताछ करने लगे.
चांदनी ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने तमंचे से गोली चला दी. गोली लगने से चांदनी की मौत हो गई और आरोपी मौके से फरार हो गए.
पुलिस ने जुटाए साक्ष्य
एडीसीपी शिवा सिंह ने बताया कि 30 अगस्त को महिला को गोली मारे जाने की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची थी. टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मामले में एफआईआर दर्ज की गई.
इसके बाद कैंट पुलिस, सर्विलांस टीम और मुखबिर तंत्र ने संयुक्त रूप से जांच आगे बढ़ाई. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई, जिसके आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की.
बदले की नीयत से पहुंचा था
पुलिस पूछताछ में विनोद ने बताया कि उसे जानकारी मिली थी कि उसके भाई संतोष के साथ ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट की है. इसी बात से नाराज होकर वह अपने साथियों के साथ बदला लेने की नीयत से वहां पहुंचा था.
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. आरोपियों ने यह भी बताया कि इस्तेमाल किया गया असलहा उनके पास पहले से मौजूद था.
अन्य आरोपियों की तलाश
कैंट थाना प्रभारी अरविंद कुमार राय ने बताया कि मामले में नामजद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
पुलिस का कहना है कि अंशु और दो अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.



