कानपुर नगर निगम की शनिवार की सदन बैठक में टेंडर, कमेटियों, वार्ड सीमा और बरातशाला के मुद्दों पर भाजपा और सपा पार्षदों के बीच तीखी बहस हुई. हंगामे के बावजूद कार्यकारिणी के छह सदस्यों का निर्विरोध चुनाव हुआ.

कानपुर. नगर निगम की शनिवार को हुई सदन बैठक में टेंडर प्रक्रिया, कमेटियों, वार्ड सीमा और बरातशाला से जुड़े मुद्दों पर जमकर हंगामा हुआ. इस दौरान भाजपा पार्षद विकास जायसवाल और सपा पार्षद रजत बाजपेयी के बीच तीखी बहस हो गई और मामला गाली-गलौज से हाथापाई तक पहुंच गया.

स्थिति बिगड़ती देख दूसरे पार्षदों ने दोनों को अलग किया. महापौर प्रमिला पांडेय ने सदन में अनुशासन बनाए रखने की हिदायत दी और कहा कि यह सदन है, दंगल नहीं.

टेंडर पर उठे सवाल

बैठक की शुरुआत में पार्षदों ने टेंडर प्रक्रियाओं में अनियमितता और मंगल भवन समितियों को भंग किए जाने का मुद्दा उठाया. इसी दौरान वार्ड सीमा और बरातशाला से जुड़े विषय पर विकास जायसवाल और रजत बाजपेयी आमने-सामने आ गए.

विवाद के दौरान विकास जायसवाल ने सरकार को बदनाम करने का आरोप लगाया, जिस पर रजत बाजपेयी ने सरकारी रिपोर्ट का हवाला देते हुए जवाब दिया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और अन्य पार्षदों को बीच-बचाव करना पड़ा.

कूड़ा उठान पर नाराजगी

बैठक में पार्षदों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली से जुड़ी समस्याएं भी उठाईं. पार्षद गोविंद ने कहा कि उनके वार्ड में दो साल से कूड़ा उठाने वाली गाड़ी नहीं पहुंची है.

उन्होंने नगर आयुक्त द्वारा कमेटियां बनाए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसका असर जमीन पर दिखाई नहीं दे रहा. पार्षदों ने मंगल भवनों को बंद करने के बजाय उनकी व्यवस्था सुधारने और नए मंगल भवन बनाने की मांग भी रखी.

छह सदस्य निर्विरोध

हंगामे के बीच नगर निगम कार्यकारिणी के छह सदस्यों का चुनाव निर्विरोध संपन्न हुआ. भाजपा से आदर्श गुप्ता, सतीश यादव, जितेंद्र चौरसिया, कौशल मिश्रा और वंदना शर्मा तथा सपा से रजत बाजपेयी को कार्यकारिणी के लिए चुना गया.

कार्यकारिणी के छह रिक्त पदों के लिए 26 सितंबर को सदन की बैठक पहले से निर्धारित थी और सर्वसम्मति से चुनाव कराने की तैयारी की जा रही थी.

महापौर प्रमिला पांडेय ने बताया कि शहर में जलभराव की स्थिति को देखते हुए सदन की बैठक को संक्षिप्त रखा गया था. उन्होंने पार्षदों को मर्यादा बनाए रखने की हिदायत देते हुए कहा कि 10 दिन बाद फिर सदन की बैठक बुलाई जाएगी.