कानपुर के कल्याणपुर स्थित रतन आर्बिट अपार्टमेंट में 63 वर्षीय दवा कारोबारी विनीत विनोचा की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है और मामले की जांच जारी है.

कानपुर. कल्याणपुर स्थित रतन आर्बिट अपार्टमेंट में थोक दवा कारोबारी की उनके ही फ्लैट में धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. वारदात के समय कारोबारी घर पर अकेले थे और घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.

सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घर में दाखिल होते दिखे दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है.

63 वर्षीय कारोबारी की हत्या

मृतक की पहचान 63 वर्षीय विनीत विनोचा के रूप में हुई है, जो सी-104 नंबर फ्लैट में रहते थे. यह वारदात शनिवार रात 10:30 बजे से तड़के 3 बजे के बीच होने का अनुमान है.

पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने विनीत की गर्दन रेतने के साथ ही शरीर पर नुकीले हथियार से कई वार किए. विनीत जिस कमरे में सोते थे, वहीं फर्श और बिस्तर पर खून फैला मिला. कमरे में संघर्ष के निशान भी पाए गए.

तड़के परिजनों के लौटने पर मुख्य दरवाजा खुला मिला था.

आठ मिनट बाद दाखिल हुए संदिग्ध

मृतक के बेटे सुबरात मनोचा ने बताया कि वह शनिवार रात करीब 9:40 बजे अपनी पत्नी के साथ एक कार्यक्रम में गए थे. सोसायटी के सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि उनके निकलने के महज आठ मिनट बाद यानी रात 9:46 बजे दो संदिग्ध व्यक्ति चाबी से फ्लैट खोलकर अंदर दाखिल हुए.

इसके बाद रात 10:58 बजे विनीत मनोचा घर लौटे और करीब आधे घंटे बाद रात 11:28 बजे दोनों संदिग्ध बाहर निकलते दिखे. रविवार सुबह करीब 4:30 बजे जब सुबरात लौटे, तो पिता का शव देखकर उन्होंने पुलिस को सूचित किया.

रंजिश के एंगल से जांच

मामले की जांच को लेकर एसीपी दिलीप सिंह ने बताया कि कमरे के किसी सामान से छेड़छाड़ नहीं हुई है, जिससे प्राथमिक रूप से यह मामला लूटपाट का नहीं बल्कि रंजिश का लग रहा है.

उन्होंने बताया कि पुलिस ने अपार्टमेंट का डीवीआर, सीसीटीवी फुटेज और मेन गेट का एंट्री रजिस्टर कब्जे में ले लिया है. इसके अलावा, हाल ही में नौकरी से निकाले गए एक नौकर की तलाश की जा रही है और अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ जारी है. हालांकि परिजनों ने किसी से दुश्मनी की बात से इनकार किया है.

परिवार के सदस्य बाहर थे

विनीत विनोचा बिरहाना रोड पर फार्मा ट्रेडर्स नाम से दवा का थोक व्यापार अपने बेटे सुब्रत के साथ संभालते थे. घटना के समय उनका बेटा सुब्रत, बहू शालू और छह वर्षीय पोता श्रीजय एक पार्टी में गए हुए थे.

वहीं, उनकी पत्नी पुनीता, जो मैरिज काउंसलर हैं, बीते एक सप्ताह से गाजियाबाद में थीं. उनकी बेटी सुभानी और दामाद दोनों इंजीनियर हैं और गुरुग्राम में रहते हैं.