कानपुर के महाराजपुर क्षेत्र में 15 वर्षीय कक्षा 9 की छात्रा की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच कर रही है, लेकिन फिलहाल घटना की वजह स्पष्ट नहीं हुई है.
कानपुर. जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र के तिलसहरी खुर्द गांव के मजरा कनवापुर में रविवार को 15 वर्षीय कक्षा 9 की छात्रा की मौत का मामला सामने आया. छात्रा की पहचान अंजलि के रूप में हुई है, जो गांव के ही एक इंटर कॉलेज में पढ़ती थी. पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की, लेकिन फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है.
पिता को खाना खिलाया
अंजलि के पिता संजय पाल मजदूरी करते हैं. संजय के मुताबिक, रविवार सुबह काम पर जाने से पहले बेटी ने खाना बनाकर दिया था और वह अपने हाथों से उन्हें खाना खिलाने की जिद कर रही थी.
संजय ने बताया कि खाना खाने के बाद वह काम के लिए निकल गए. इसी दौरान अंजलि की मां अनीता राय मवेशियों को चारा डालने के लिए घर से बाहर गई थीं.
घर में अकेली थी छात्रा
पुलिस के अनुसार, घटना के समय अंजलि घर में अकेली थी. सुबह करीब 10 बजे उसकी मां वापस लौटीं तो उन्होंने बेटी को घर के जीने के पास मृत अवस्था में देखा.
इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई. महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह के मुताबिक, पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर काफी देर तक जांच की.
कारण स्पष्ट नहीं
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. परिवार के लोग भी घटना के कारण के संबंध में फिलहाल कोई जानकारी नहीं दे रहे हैं.
पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है.



