कानपुर के बिधनू में दहेज उत्पीड़न और मारपीट से परेशान 29 वर्षीय सुमन ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली, सुसाइड नोट में उसने ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया, सुमन के पिता ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने सुसाइड नोट और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है,

कानपुर. बिधनू थाना क्षेत्र के गुरु का पुरवा गांव में दहेज उत्पीड़न और मारपीट से परेशान 29 वर्षीय महिला सुमन ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. सोमवार को पड़ोसियों से घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वजन मौके पर पहुंचे, महिला ने आत्महत्या से पहले तीन पन्नों का सुसाइड नोट लिखा था. जिसमें ससुरालीजनों पर प्रताड़ित करने और पति पर शराब पीकर आए दिन मारपीट करने का आरोप लगाया गया है.

आठ साल पहले हुई शादी

कानपुर देहात के शिवली रैपालपुर निवासी नवाब सिंह की बेटी सुमन की शादी आठ वर्ष पहले गुरु का पुरवा निवासी बस चालक इंद्रजीत से हुई थी. दोनों के दो बच्चे श्याम और भूमि हैं, नवाब सिंह का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन प्लाट खरीदने के लिए 10 लाख रुपये दहेज की मांग कर रहे थे. मांग पूरी नहीं होने पर सुमन के साथ मारपीट की जाती थी.

नहर में फेंकने का आरोप

नवाब सिंह के मुताबिक, करीब छह वर्ष पहले दहेज नहीं मिलने पर इंद्रजीत ने सुमन की पिटाई करने के बाद उसे नहर में फेंक दिया था. रिश्तेदारों के हस्तक्षेप के बाद उस समय मामला शांत हो गया था.

उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों से इंद्रजीत पत्नी और बच्चों के साथ अपने मामा सुमेर के घर रह रहा था. 19 मई को दोबारा मारपीट होने पर नवाब सिंह अपनी बेटी और दोनों बच्चों को मायके ले आए थे. पति के दोबारा मारपीट नहीं करने के आश्वासन के बाद 28 जुलाई को सुमन को ससुराल भेज दिया गया था.

बच्चों ने बताई घटना

सोमवार को पड़ोसियों ने फोन कर सुमन के फंदे से लटके होने की जानकारी दी, स्वजन के अनुसार, बच्चों ने बताया कि स्कूल जाने से पहले पिता ने मां की पिटाई की थी. स्कूल से लौटने पर सुमन फंदे से लटकी मिलीं.

पुलिस को मिले सुसाइड नोट में सुमन ने ससुरालीजनों द्वारा परेशान किए जाने की बात लिखी है. उसने सुधा मामी को एक लाख रुपये और बनवारी मामा कल्लू सिंह को जमीन के लिए 3.20 लाख रुपये देने की बात भी लिखी है. सुमन ने अपने बच्चों को पैसा और सामान दिलाने की मांग की है.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

सुमन के स्वजन ने उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया, वहीं थाना प्रभारी टीबी सिंह ने बताया कि सुसाइड नोट और स्वजन की तहरीर के आधार पर दहेज उत्पीड़न, आत्महत्या के लिए उकसाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है, पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है.