कानपुर के बर्रा में मोबाइल लूट से परेशान 17 वर्षीय किशोर ने शुक्रवार रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. किशोर ने इसी साल हाईस्कूल की परीक्षा पास की थी और आइटीआइ में प्रवेश लेना चाहता था.
कानपुर. जिले के बर्रा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात 17 वर्षीय किशोर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. किशोर एक दिन पहले मोबाइल लूट की घटना से परेशान था और 15 अगस्त को उसका जन्मदिन था. परिवार के अनुसार, दंपती ने अपने दो बेटों की बीमारी से मौत के बाद उसे करीब 14 साल पहले गोद लिया था.
बर्रा के दामोदर नगर निवासी हरिशचंद्र शर्मा आर्डनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त हैं. परिवार में उनकी पत्नी उमा और 17 वर्षीय बेटा अमित था. अमित ने इसी साल हाईस्कूल की परीक्षा पास की थी और वह आइटीआइ में दाखिला लेना चाहता था.
मोबाइल लूट से था परेशान
स्वजन के मुताबिक, गुरुवार को अमित गोविंद नगर में कपड़े खरीदने गया था. वापस लौटते समय नंदलाल चौराहे पर बाइक सवार लुटेरों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया. घटना के बाद अमित ने पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी और घर पहुंचकर परिवार को पूरी बात बताई.
पिता ने उसे भरोसा दिया था कि पेंशन आने के बाद नया मोबाइल फोन दिला देंगे. परिवार का कहना है कि मोबाइल लूटे जाने के बाद से अमित तनाव में था.
कमरे में लगाया फंदा
शुक्रवार शाम उमा घर में खाना बना रही थीं, जबकि हरिशचंद्र आगे वाले कमरे में बैठे थे. इसी दौरान अमित अपने कमरे में गया और पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली.
कुछ देर बाद मां उसे खाना खाने के लिए बुलाने पहुंचीं. कमरे में बेटे को फंदे से लटका देखकर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया.
पुलिस ने बताई वजह
बर्रा थाना प्रभारी रवीन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि मोबाइल फोन लूटे जाने के बाद किशोर अवसाद में था और इसी वजह से उसने आत्महत्या की है.


