कानपुर. उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार दोपहर गंगा बैराज के पास नत्थूपुरवा गांव के करीब एक प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे में ट्रेनी पायलट और ट्रेनर की मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया. इस घटना पर सीएम योगी ने दुख जताया है. हादसे में पायलट और को-पायलट की मौत हुई है. सीएम ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त विमान एक निजी कंपनी का बताया जा रहा है और प्रशिक्षण के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था. हादसा नत्थूपुरवा गांव के आसपास हुआ. मृतकों की पहचान गुजरात के सचिन भाटिया (ट्रेनर) और कर्नाटक के अभिषेक पुजारी (ट्रेनी) के रूप में हुई है.
इसे भी पढ़ें : मुरादाबाद में 100 तेंदुओं का खौफ, 22 दिन में 3 महिलाओं की मौत
हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया. फिलहाल विमान दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है. तकनीकी खराबी, मौसम या किसी अन्य वजह से हादसा हुआ, इसकी जांच की जा रही है. संबंधित एजेंसियां दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं.


