शब्बीर अहमद/संजय पाटीदार, भोपाल। मुख्य चुनवा आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशभर में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच मध्य प्रदेश के पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कांतिलाल भूरिया का विवादित और आपत्तिजनक बयान सामने आया है। भोपाल में प्रदर्शन के दौरान भूरिया ने मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर अमर्यादित टिप्पणियां की जिसके बाद प्रदेश की राजनीति में सियासी भूचाल आ गया है। इस बयान के सामने आते ही भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और कांतिलाल भूरिया पर जोरदार हमला बोला है।
ये भी पढ़ें: हाथों में हथकड़ी पहन सड़कों पर उतरे जीतू और सिंघार! CEC के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, व्यापम चौराहे पर पुलिस से झड़प
‘ज्ञानेश नहीं मूर्खेष हैं… इन्हें फांसी पर लटकाना चाहिए’: कांतिलाल भूरिया
भोपाल में चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया ने मीडिया से बात करते हुए भाषा की सारी मर्यादाएं लांघ दी। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ज्ञानेश नहीं यह मूर्खेष हैं। ज्ञानेश कुमार को फांसी पर लटकाना चाहिए, तब जाकर देश की जनता का आक्रोश कम होगा। बात यंहीं खत्म नहीं नहीं हुई, भूर्या ने आगे कहा कि ज्ञानेश हो या मोदी हो ऐसे लोग देश के लिए कलंक हैं।
‘हार से बौखलाई कांग्रेस कर रही संवैधानिक संस्थाओं का अपमान’: अजय यादव
कांतिलाल भूरिया के इस अमर्यादित बयान पर बीजेपी ने आक्रामक रुख अपनाते हुए तीखा हमला बोला है। बीजेपी प्रवक्ता अजय यादव ने कहा कि लगातार जनता से नकार दिए जाने के बाद कांग्रेस पूरी तरह बौखला गई है और अब देश की निष्पक्ष व संवैधानिक संस्थाओं का सरेआम अपमान करने पर उतारू हो चुकी है। अजय यादव ने भूरिया के बयान को पूरी तरह से अमर्यादित, आपत्तिजनक और लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ बताया है। बीजेपी ने मांग की है कि कांग्रेस पार्टी को अपने ऐसे नेताओं पर तुरंत सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करनी चाहिए।
भोपाल में कांग्रेस का प्रदर्शन
दरअसल कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राजधानी में शक्ति प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यालय से इलेक्शन कमीशन तक पैदल मार्च का आयोजन किया। जिसमें पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी से लेकर अन्य नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। हालांकि इस पदयात्रा को पुलिस द्वारा व्यापम चौराहे पर ही रोक लिया गया और उन पर वाटर कैनन का उपयोग किया गया। इस घटनाक्रम में कांग्रेस के कुछ नेता और कार्यकर्ता घायल भी हुए।
ये भी पढ़ें: उज्जैन की शाही मस्जिद पर सियासत: त्योहार कमेटी मुस्लिम विधायकों के बयान से नाराज, पत्थरबाजी मामले में 10 गिरफ्तार, बीजेपी ने कही ये बात
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर क्या है पूरा विवाद?
दरअसल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस सहित पूरा विपक्ष इस समय देशव्यापी हमलावर मोड़ में है। विपक्ष का आरोप है कि चुनाव आयोग निष्पक्ष भूमिका निभाने में विफल रहा है और SIR व वोटिंग डेटा प्रबंधन में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं, जिससे करोड़ों वैध मतदाताओं के नाम कटे हैं। हाल ही में सामने आई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि आयोग के भीतर ही मतदाता सूची संशोधन से जुड़ी प्रक्रियाओं जैसे फॉर्म-6 में बदलाव और डेटा केंद्रीयकरण पर अन्य चुनाव आयुक्तों ने दर्जनों बार आपत्तियां दर्ज कराई थीं। इन खुलासों के बाद से ही कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन के दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे, उन पर आपराधिक मुकदमा दर्ज करने और विशेष जांच की मांग को लेकर सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


