सावन कांवड़ यात्रा को भव्य बनाने के लिए योगी सरकार 9 और 10 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सात जिलों में हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा करेगी। इसके लिए विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है, जिसमें दोनों दिनों में कुल 9 घंटे 55 मिनट तक हेलीकॉप्टर से फूलों की बारिश होगी।
सतीश सिंह, लखनऊ। सावन कांवड़ यात्रा को भव्य और श्रद्धामय बनाने के लिए योगी सरकार ने एक बार फिर विशेष तैयारी की है। 9 और 10 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सात जिलों में कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। इसके लिए विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। दोनों दिनों में कुल 9 घंटे 55 मिनट तक हेलीकॉप्टर अलग-अलग जिलों में उड़ान भरते हुए शिवभक्तों का फूलों से स्वागत करेगा।
पहले दिन का शेड्यूल
सरकार की योजना के अनुसार, 9 अगस्त को हेलीकॉप्टर सुबह लखनऊ से रवाना होकर सबसे पहले बागपत पहुंचेगा। यहां सुबह 10:30 से 11:15 बजे तक कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा होगी। इसके बाद सहारनपुर में 11:45 से 12:45 बजे, मुजफ्फरनगर में 1:30 से 2:15 बजे और मेरठ में 3:45 से 4:30 बजे तक हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए जाएंगे। पहले दिन कुल 6 घंटे 10 मिनट की उड़ान तय की गई है।
दूसरे दिन का कार्यक्रम
10 अगस्त को अभियान का दूसरा चरण होगा। इस दिन हेलीकॉप्टर गाजियाबाद में 8:30 से 9:15 बजे, हापुड़ में 9:45 से 10:30 बजे और बुलंदशहर में 11:15 से 12:00 बजे तक कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा करेगा। इसके बाद हेलीकॉप्टर दोपहर में लखनऊ लौट आएगा। दूसरे दिन कुल 3 घंटे 45 मिनट की उड़ान निर्धारित है।
सुरक्षा और सुविधा प्राथमिकता
योगी सरकार का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से हर वर्ष की तरह इस बार भी प्रमुख कांवड़ मार्गों पर शिवभक्तों का हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ यात्रा को भव्य स्वरूप देने की सरकार की पहल का हिस्सा माना जा रहा है।


