करनाल। हरियाणा के करनाल में लाडवा निवासी अमन की चाकू से कई वार कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी नाबालिग है। एएसपी रविंद्र कुमार ने प्रेसवार्ता में मामले की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है और वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद करना बाकी है।

पुलिस के अनुसार, अमन की 23 अक्टूबर को न्यू बहादुर चंद कॉलोनी में हत्या की गई थी। वह अपने दोस्त रमन के साथ उसके दोस्त अनूप के घर गया था। इसी दौरान उस पर चाकू से हमला किया गया, जिसमें उसकी मौत हो गई।

जतिन गिरफ्तार, दूसरा आरोपी नाबालिग

एएसपी रविंद्र कुमार ने बताया कि हत्या के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले में जतिन नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। दूसरा आरोपी नाबालिग है। दोनों आरोपी करनाल के रहने वाले हैं।

पुलिस को अभी हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद करना है। एएसपी के मुताबिक, आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हत्या की वजह का पता लगाने में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, अमन की हत्या क्यों की गई, इसका अब तक पता नहीं चल पाया है। आरोपियों से पूछताछ के बाद ही वारदात के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक, अमन पर पांच से छह युवकों ने चाकू से हमला किया था। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m