करनाल के एनएच 709A टोल प्लाज़ा पर टोल कर्मियों ने मामूली विवाद में बीटेक छात्र पर जानलेवा हमला कर दिया। घायल छात्र को गंभीर हालत में चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया है।
सुमन चौहान, करनाल। नेशनल हाईवे 709A पर प्योंत स्थित करनाल-असंध टोल प्लाज़ा पर 26 मई 2026 की रात करीब 9:00 बजे गुंडागर्दी का एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहाँ एक निहत्थे बीटेक छात्र योगराज को टोल टैक्स कर्मचारियों ने बेरहमी से पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। घायल छात्र उपलना गांव का रहने वाला है, जिसे गंभीर हालत में करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उसे देर रात पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। घटना के समय कत्लाहेड़ी गांव के अशोक गाड़ी चला रहे थे, जो टोल फ्री श्रेणी में आती थी।
मामूली कहासुनी पर जानलेवा हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टोल क्रॉसिंग को लेकर मात्र दस सेकेंड की मामूली कहासुनी के बाद बिना वर्दी और बिना नेम प्लेट के खड़े कर्मचारी अचानक आक्रामक हो गए। आरोप है कि टोल प्लाज़ा पर तैनात लगभग 10 कर्मचारियों ने छात्र को चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने ईंटों, डंडों, सरियों, थप्पड़ों और मुक्कों से उस पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस दौरान छात्र जमीन पर गिर गया, फिर भी उसे लगातार पीटा गया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने बड़ी मुश्किल से बीच-बचाव कर पीड़ित छात्र की जान बचाई।

दो आरोपी गिरफ्तार, लोगों में भारी रोष
घटना की सूचना मिलते ही डायल 1012 की टीम मौके पर पहुंची। वहां मौजूद गुस्साए लोगों ने दो टोल कर्मियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। इस घटना से प्योंत, कत्लाहेड़ी और गुल्लरपुर समेत कई स्थानीय गांवों के नागरिकों में भारी रोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि टोल कर्मी आए दिन अभद्र व्यवहार करते हैं। पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे ऑथोरिटी (NHAI) से कंपनी का टेंडर तुरंत रद्द करने और सभी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।


