करनाल। करनाल के गांव जुंडला निवासी CRPF के सब-इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार की शुक्रवार को दिल्ली में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई।

56 वर्षीय कृष्ण कुमार CRPF की 27वीं बटालियन में तैनात थे और दिल्ली में डिप्टी सीएम के आवास पर ड्यूटी दे रहे थे। उनकी मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। उनका पार्थिव शरीर गांव जुंडला लाया गया है, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।

सुबह ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत

परिजन सुभाष के अनुसार, 7 अगस्त को कृष्ण कुमार ड्यूटी पर थे। सुबह करीब 11 बजे उनका ब्लड प्रेशर अचानक कम हो गया। तबीयत बिगड़ने पर मौके पर मौजूद CRPF जवानों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान रात में उनकी हालत और बिगड़ गई। डॉक्टरों के अनुसार, हार्ट अटैक के कारण उनकी मौत हो गई।

रात डेढ़ बजे परिवार को मिली सूचना

परिजनों को रात करीब डेढ़ बजे फोन पर कृष्ण कुमार की मौत की सूचना मिली। परिवार के मुताबिक, जिस दिन उनकी मौत हुई, उसी दिन उनका जन्मदिन भी था। कृष्ण कुमार के परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। उनका बेटा कनाडा में रहता है। पिता की मौत की सूचना मिलते ही वह गांव पहुंच गया।

38 साल देश सेवा में रहे कृष्ण कुमार

परिजनों के अनुसार, कृष्ण कुमार करीब 38 साल से देश सेवा में थे। उन्होंने CRPF के अलावा NSG में 6 साल और RAF में 2 साल तक सेवाएं दी थीं। परिवार ने बताया कि कृष्ण कुमार सात भाइयों में मंझले थे। उनके बड़े भाई वायु सेना से रिटायर्ड हैं। उनके चाचा भी आर्मी में रह चुके हैं।

रिटायरमेंट की बात पर कहते थे- देश की सेवा करनी है

परिजनों के मुताबिक, कई बार कृष्ण कुमार से रिटायरमेंट लेने के लिए कहा गया, लेकिन वह हमेशा कहते थे कि जीवनभर देश की सेवा करना चाहते हैं। उनके अचानक निधन से परिवार सदमे में है। गांव में भी शोक का माहौल है। उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए गांव लाया गया है।

राजकीय सम्मान के साथ होगी अंतिम विदाई

कृष्ण कुमार का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। अंतिम विदाई में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की बात कही गई है। गांव के लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए इंतजार कर रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m