Karnal Honey Trap Case : करनाल। हरियाणा के करनाल में हनीट्रैप के जरिए एक व्यक्ति से लाखों रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने सोशल मीडिया के माध्यम से पानीपत निवासी व्यक्ति से संपर्क किया और उसे क्लब की सदस्यता के बारे में जानकारी देने के बहाने करनाल के एक होटल में बुलाया। इसके बाद उसे दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 20 लाख रुपये की मांग की गई। मामले में सदर थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव बालू निवासी जोधबीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 4.50 लाख रुपये बरामद किए हैं। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
होटल में बुलाकर शुरू किया पैसों का दबाव
डीएसपी मीना कुमारी के मुताबिक, पानीपत निवासी मनिंद्र सिंह ने 30 अक्टूबर को सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक महिला ने उससे संपर्क किया था। महिला ने महिंद्रा क्लब की सदस्यता से जुड़ी जानकारी देने की बात कहकर उसे करनाल के एक होटल में बुलाया।
आरोप है कि होटल पहुंचने के बाद महिला ने उससे पैसों की मांग शुरू कर दी। इसी दौरान गांव बालू निवासी जोधबीर सिंह भी उसके संपर्क में आया। उसने महिला के साथ समझौता कराने की बात कही और इसके बदले 20 लाख रुपये देने का दबाव बनाया।
दुष्कर्म के केस में फंसाने और परिवार को बदनाम करने की धमकी
शिकायत के अनुसार, आरोपी और महिला ने मिलकर शिकायतकर्ता को दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। उससे कहा गया कि अगर पैसे नहीं दिए तो उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया जाएगा। इतना ही नहीं, परिवार और रिश्तेदारों के बीच बदनाम करने की धमकी देकर भी रकम वसूलने का दबाव बनाया गया।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी अब तक उससे करीब 10 लाख रुपये ले चुका था। इसके बाद भी 20 लाख रुपये की मांग पूरी करने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
पुलिस रिमांड पर आरोपी, पैसों के लेनदेन की जांच
शिकायत मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जोधबीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 4.50 लाख रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि पूरे मामले में पैसों के लेनदेन और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका का पता लगाया जा सके।
दो दिन के पुलिस रिमांड के दौरान यह भी जांच की जाएगी कि इस कथित हनीट्रैप में महिला की क्या भूमिका थी और अब तक वसूली गई रकम कहां इस्तेमाल की गई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

