करनाल। करनाल के सरकारी अस्पताल में डिलीवरी के बाद 30 वर्षीय मनिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर गलत ब्लड ग्रुप का खून चढ़ाने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्युरी हाउस भेजा। रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

12 सितंबर को अस्पताल में कराया गया था भर्ती

मृतका मनिका की शादी 9 साल पहले कुंजपुरा थाना क्षेत्र के गांव कुंडाकलां निवासी बजिंदर के साथ हुई थी। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शामली जिले की रहने वाली थी। ससुर गोविंद सिंह ने बताया कि मनिका गर्भवती थी और 12 सितंबर की सुबह करीब 7 बजे उसे कुंजपुरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद वहां से दोपहर करीब डेढ़ बजे उसे करनाल के सरकारी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।

ऑपरेशन से बेटे को दिया था जन्म

करनाल अस्पताल में 12 सितंबर की शाम करीब साढ़े 5 बजे मनिका ने ऑपरेशन के जरिए एक बेटे को जन्म दिया। मनिका की पहले से एक 4 साल की बेटी भी है। बेटे के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन डिलीवरी के बाद मनिका की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद रात करीब साढ़े 8 बजे उसे आईसीयू (ICU) में दाखिल कराया गया, जहां इलाज शुरू होने पर उसके दर्द में कुछ राहत मिली थी।

खून चढ़ने के 5 मिनट बाद बिगड़ी हालत

परिजन के अनुसार, मनिका का गला सूख रहा था, जिस पर उसे ढक्कन भर पानी पिलाया गया। इसके बाद ब्लड सैंपल लेकर लैब भेजा गया और रात करीब 3 बजे उसे खून चढ़ाया गया। गोविंद सिंह का आरोप है कि खून चढ़ने के 5 से 7 मिनट बाद ही मनिका को शरीर में तेज खुजली होने लगी और वह बेचैन होकर तड़पने लगी। परिजनों ने तुरंत नर्स से डॉक्टर को बुलाने की गुहार लगाई, लेकिन डॉक्टर सुबह करीब साढ़े 5 बजे पहुंचे, तब तक मनिका की मौत हो चुकी थी।

परिजनों ने की डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग

ससुर गोविंद सिंह ने आरोप लगाया कि मनिका को गलत ब्लड ग्रुप का खून चढ़ाया गया और ब्लड ट्रांसफ्यूजन के समय कोई डॉक्टर मौके पर मौजूद नहीं था। उन्होंने सवाल उठाया कि आपात स्थिति में डॉक्टर उपलब्ध क्यों नहीं थे। परिजनों ने दोषी डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की नियमानुसार जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m