करनाल में वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। प्रशासन ने सफाई, फॉगिंग और स्कूलों में 'ड्राई डे' मनाने के कड़े निर्देश दिए हैं।

सुमन चौहान, करनाल। एडीसी डॉ. राहुल रईया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय मलेरिया वर्किंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मलेरिया, डेंगू, जेई और चिकनगुनिया जैसी वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए रणनीति बनाई गई। एडीसी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि जिला को मलेरिया मुक्त बनाने में स्वास्थ्य विभाग को पूरा सहयोग दें। शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए कि स्कूलों की छतों पर कबाड़ न रखें और हर रविवार को अनिवार्य रूप से ‘ड्राई डे’ मनाएं। स्कूल टंकियों व कूलरों की नियमित सफाई के साथ प्रार्थना सभा में बच्चों को इन बीमारियों के प्रति जागरूक करना अनिवार्य कर दिया गया है, ताकि शुरुआती स्तर पर ही बचाव संभव हो सके।

स्वच्छता और फॉगिंग के सख्त निर्देश

नगर निगम और पंचायत विभाग को निर्देश दिए गए कि डेंगू के मरीज मिलने वाले क्षेत्रों में तुरंत फॉगिंग सुनिश्चित करें। साथ ही कचरा उठाने वाली गाड़ियों के लाउडस्पीकरों से बचाव के संदेश प्रसारित करने को कहा गया। बीडीपीओ को गांवों में सफाई समितियों के माध्यम से नियमित स्वच्छता सुनिश्चित करने का कार्य सौंपा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी कार्यालयों में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने की अपील की है। पिछले वर्षों के आंकड़ों के अनुसार, करनाल में मलेरिया के मामलों में भारी कमी आई है। वर्ष 2026 में 5 जून तक केवल एक केस रिपोर्ट हुआ है, जबकि डेंगू के मामले भी नियंत्रण में हैं। इन आंकड़ों से प्रशासन के प्रयासों की सफलता स्पष्ट होती है।

डेंगू पर काबू पाने का उपाय

उप सिविल सर्जन डॉ. अनु शर्मा ने बताया कि मलेरिया को एंटी-लार्वा गतिविधियों और इलाज से नियंत्रित किया जा सकता है, लेकिन डेंगू का मच्छर साफ पानी में पनपता है, इसलिए साफ-सफाई ही इसका एकमात्र बचाव है। इसके लिए विभाग द्वारा बड़े स्तर पर जागरूकता (IEC) गतिविधियां चलाई जा रही हैं और शहर के प्रमुख स्थानों पर बैनर व फ्लैक्स लगाए गए हैं। प्रशासन का लक्ष्य जनता के सहयोग से इन बीमारियों को पूरी तरह जड़ से खत्म करना है। डॉ. शर्मा ने बताया कि जिले के 2 सब-डिविजनल अस्पताल, 8 सीएचसी, 25 पीएचसी और 150 सब-सेंटर मुस्तैदी से काम कर रहे हैं। आम जनमानस से भी अपील है कि वे अपने आसपास पानी जमा न होने दें और स्वस्थ रहें।